डोटासरा का मुख्यमंत्री पर हमला: बोले भजनलाल ने पूरी भाजपा को निपटा दिया

0
20

जयपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा को सरकार के तीन साल के कार्यकाल का जश्न मनाने के बजाय इस बात का जश्न मनाना चाहिए कि मुख्यमंत्री ने पूरी भाजपा को निपटा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में मंत्रियों की अधिकारी नहीं सुन रहे, आम जनता के काम अटके हुए हैं और मुख्यमंत्री केवल भ्रमित करने वाले भाषण देने तथा लोगों को डराने-धमकाने में लगे हैं।

डोटासरा ने शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रदेश में बेरोजगार परेशान हैं और अपराध बढ़ रहे हैं। जयपुर में गैंगस्टर खुलेआम धमकियां दे रहे हैं, जबकि सचिवालय में कामकाज प्रभावित है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी या तो भ्रष्टाचार में लिप्त हैं या फिर भय के कारण जायज काम करने से भी बच रहे हैं। मंत्रियों के आदेशों की भी अधिकारी और यहां तक कि उनके सचिव तक पालना नहीं कर रहे हैं।

शिखर अग्रवाल प्रकरण पर मुख्यमंत्री से मांगा जवाब

शिखर अग्रवाल मामले को लेकर डोटासरा ने कहा कि अशोक गहलोत सहित कई नेता और मीडिया मुख्यमंत्री से सवाल कर चुके हैं कि उनकी सहमति से मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी ने फाइल किस आधार पर चलाई। इसमें कितने लोग निर्धारित मापदंडों पर खरे उतरे और इसके बदले क्या-क्या लिया गया। मुख्यमंत्री को सामने आकर जवाब देना चाहिए। मुख्यमंत्री कार्यालय पर सवाल उठने का मतलब मुख्यमंत्री की जवाबदेही से भी है। उन्होंने भाजपा नेताओं पर भ्रष्टाचार में डूबे होने का आरोप लगाया।

प्रसूताओं की मौत पर सरकार को घेरा

प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था और प्रसूताओं की मौत के मामलों में एम्स की रिपोर्ट का हवाला देते हुए डोटासरा ने कहा कि यह रिपोर्ट प्रदेश सरकार के कुशासन पर धब्बा है। अस्पताल में लोग स्वस्थ होने की उम्मीद से आते हैं, लेकिन उन्हें शव बनकर घर लौटना पड़ रहा है। प्रसूताएं नई जिंदगी को जन्म देने अस्पताल पहुंचती हैं, लेकिन बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं के कारण उनकी जान जा रही है।

उन्होंने चेतावनी दी कि पंचायत चुनाव के परिणाम के बाद बिगड़ती कानून व्यवस्था और प्रसूताओं की मौत के मामलों को लेकर कांग्रेस पूरे प्रदेश में आंदोलन करेगी। डोटासरा ने दावा किया कि इस बार पंचायत चुनाव में भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से जनप्रतिनिधियों को पकड़ने और बाड़ाबंदी करने के निर्देश दिए जा रहे हैं तथा पुलिस का दुरुपयोग किया जा रहा है। सरकार को शिक्षा, युवाओं की भर्ती, अस्पतालों में दवाइयों की उपलब्धता और किसानों को राहत देने की चिंता नहीं है।

राजेंद्र राठौड़ पर भी कसा तंज

भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़ के कलमा पढ़ने के मामले पर भी डोटासरा ने टिप्पणी की। उन्होंने भाजपा नेताओं की कथनी और करनी में अंतर बताते हुए कहा कि बाहर सनातनी होने और मुस्लिमों को टिकट नहीं देने की बात करते हैं, लेकिन जब अपने बेटे और बहू की बात आती है तो मस्जिद भी जाते हैं, कलमा भी पढ़ते हैं और ईद पर गले भी मिलते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस में राजेंद्र राठौड़ की कोई जरूरत नहीं है। पढ़ी हुई किताबों को कौन पढ़ेगा, बाजार में नई किताब आ चुकी है।

वोट रक्षक ऐप से मतदाता सूची पर रखेंगे नजर

कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से शुरू किए गए वोट रक्षक ऐप को लेकर डोटासरा ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव आयोग के माध्यम से अनुपस्थित, स्थानांतरित और मृत बताकर लोगों के वोट कटवा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के नाम भी मतदाता सूची से हटाए गए हैं, जो भारतीय नागरिक हैं और अपने क्षेत्र में रह रहे हैं।

डोटासरा के अनुसार वोट रक्षक ऐप के माध्यम से यह जानकारी मिल सकेगी कि किन मतदाताओं को अनुपस्थित, स्थानांतरित या मृत बताकर सूची से हटाया गया है। बूथ स्तरीय अभिकर्ता इनका सत्यापन करेंगे। यदि किसी व्यक्ति का नाम गलत तरीके से हटाया गया है तो वह ऐप पर अपना वीडियो अपलोड कर शिकायत दर्ज करा सकेगा।

उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस ने सभी जिलाध्यक्षों को वोट रक्षक अभियान के संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं। पार्टी के करीब 61 हजार बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं में निष्क्रिय कार्यकर्ताओं की जगह नए लोगों को जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान कांग्रेस ने प्रभावी निगरानी की थी। अब वर्ष 2027 में प्रकाशित होने वाली नई मतदाता सूची के प्रारूप का भी बूथ स्तर पर सत्यापन कराया जाएगा। कांग्रेस अपने मतदाताओं के वोट सुरक्षित रखने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।

नेहरू जयंती पर पुष्पांजलि कार्यक्रम

इससे पहले प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, विधायक रफीक खान और अमीन कागजी, पूर्व मंत्री महेश जोशी, जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा, पूर्व अध्यक्ष आरआर तिवाड़ी सहित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here