कैफे संचालक पर जानलेवा हमले का तीसरा आरोपी गिरफ्तार

0
33
Cunning thief arrested for stealing ₹3 lakh from a marriage garden.

जयपुर। वैशाली नगर थाना पुलिस ने कैफे संचालक पर लोहे के पाइपों से जानलेवा हमला करने के मामले में एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद रसीद उर्फ अलतमस के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से वारदात में शामिल अन्य लोगों और घटना से जुड़े तथ्यों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

थानाधिकारी अरविंद सिंह शेखावत के अनुसार परिवादी हर्ष वर्धन ने 6 नवंबर 2026 को वैशाली नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उनके चाचा मयंक गोपालिया वैशाली नगर में ‘ओवन द बेकरी’ नाम से कैफे संचालित करते हैं। रिपोर्ट के अनुसार 29 या 30 अक्टूबर को कैफे पर काम करने वाली शबाना खान का परिचित शाहरुख अपने अन्य साथियों के साथ वहां आया था। इस दौरान शाहरुख ने मयंक गोपालिया को जान से मारने की धमकी दी थी।

परिवाद के अनुसार 5 नवंबर की रात करीब 11 बजे कैफे बंद करने के बाद मयंक गोपालिया पैदल अपने घर बी ब्लॉक जा रहे थे। इसी दौरान जेएमजे ज्वेलर्स के पास शाहरुख और उसके साथियों ने उनकी रैकी कर लोहे के पाइपों से सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में मयंक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद रसीद उर्फ अलतमस पुत्र शहीद मूल रूप से गांव सुल्तानपुर घोंस, खागा, थाना घोंस, जिला फतेहपुर, उत्तर प्रदेश का निवासी है। वह वर्तमान में जयपुर के सोडाला थाना क्षेत्र में हटवाड़ा रोड स्थित जोधपुर मिष्ठान भंडार की गली में किराए से रह रहा था।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपियों ने कैफे संचालक के घर जाने के रास्ते की पहले रेकी की थी। इसके बाद सुनसान स्थान देखकर लोहे के पाइपों से उन पर हमला किया था। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और घटना के कारणों की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here