जयपुर यातायात पुलिस ने एक दिन में 3 हजार 736 वाहन चालकों के काटे चालान

0
35

जयपुर। राजधानी जयपुर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने, सड़कों पर लगने वाले जाम की समस्या से निजात दिलाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जयपुर यातायात पुलिस ने सोमवार को विशेष अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की।

अभियान के दौरान एक ही दिन में कुल 3 हजार 736 वाहन चालकों के चालान काटे गए। इनमें सबसे अधिक कार्रवाई नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ की गई। पुलिस ने ऐसे 2 हजार 744 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की।

पुलिस उपायुक्त (यातायात) प्रवीण नायक नूनावत के अनुसार 16 नवंबर को शहर में यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सघन कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 3 हजार 736 वाहनों के विरुद्ध चालान काटे गए। इनमें 2 हजार 744 वाहन नो-पार्किंग जोन में खड़े पाए गए, जिनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस ने बताया कि शहर के प्रमुख मार्गों पर अवैध पार्किंग के कारण यातायात बाधित होता है और आमजन को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए नो-पार्किंग क्षेत्रों में खड़े वाहनों के खिलाफ विशेष रूप से कार्रवाई की गई।

जयपुर यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। मुख्य मार्गों पर अवैध पार्किंग करने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों की पालना करने और निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here