
जयपुर। स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) ने फर्जी फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जामिनेशन (एफएमजीई) प्रमाणपत्र बनवाकर राजस्थान मेडिकल काउंसिल (आरएमसी) में पंजीकरण कराने के मामले में पांच और डॉक्टरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी विदेश से एमबीबीएस की पढ़ाई कर चुके हैं। आरोप है कि एफएमजी स्क्रीनिंग परीक्षा में असफल होने के बाद उन्होंने दलालों के माध्यम से लाखों रुपए देकर परीक्षा के फर्जी प्रमाणपत्र तैयार करवाए और इनके आधार पर मेडिकल काउंसिल में पंजीकरण कराने के साथ सरकारी मेडिकल कॉलेजों में इंटर्नशिप भी शुरू कर दी थी।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया कि इस संबंध में एसओजी जयपुर थाने में 4 फरवरी 2026 को प्रकरण दर्ज किया गया था। जांच पडताल के बाद आरोपित सत्यप्रकाश खापरवाल, जयप्रकाश,विमल यादव,विश्वेन्द्र सिंह चेची और दिशान्त टेलर को गिरफ्तार किया गया है।
दो सगे भाइयों ने 15-15 लाख रुपए देकर बनवाए प्रमाणपत्र
एसओजी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में सत्यप्रकाश खापरवाल (30) और उसका सगा भाई जयप्रकाश (31) निवासी धोली कोठी, निमूचणा, थाना बासदयाल, जिला कोटपूतली-बहरोड़ शामिल हैं। दोनों भाइयों ने चीन की सूजो मेडिकल यूनिवर्सिटी से वर्ष 2013 से 2019 के बीच एमबीबीएस की पढ़ाई की थी। भारत लौटने के बाद दोनों ने कई बार एफएमजीई परीक्षा दी, लेकिन सफल नहीं हो सके। जयप्रकाश ने करीब सात बार परीक्षा दी थी। इसके बाद दोनों ने भानाराम और हेमन्त यादव की मदद से 15-15 लाख रुपए देकर दिसंबर 2023 की परीक्षा का कूटरचित प्रमाणपत्र बनवाया और आरएमसी में स्थायी पंजीकरण के लिए आवेदन कर दिया।
20 लाख रुपए देकर बनवाया जून 2023 का फर्जी प्रमाणपत्र
गिरफ्तार विमल यादव (28) निवासी ढाणी राम्यावाली, द्वारिकपुरा, थाना प्रागपुरा, जिला कोटपूतली-बहरोड़ ने कजाकिस्तान से वर्ष 2016 से 2021 के बीच एमबीबीएस किया था। कई बार एफएमजीई परीक्षा में असफल होने के बाद उसने अपने रिश्तेदार एवं परिचित हेमन्त यादव को 20 लाख रुपए देकर जून 2023 का फर्जी प्रमाणपत्र बनवाया। इसके आधार पर उसने राजकीय मेडिकल कॉलेज अलवर से इंटर्नशिप शुरू कर दी।
इसी प्रकार विश्वेन्द्र सिंह चेची (29) निवासी गणेश नगर दौसा ने कजाकिस्तान से एमबीबीएस करने के बाद परीक्षा पास नहीं होने पर दौसा निवासी इन्द्रराज गुर्जर की मदद ली। उसने 20 लाख रुपए देकर दिसंबर 2023 का फर्जी प्रमाणपत्र बनवाया। इसके आधार पर राजकीय मेडिकल कॉलेज धौलपुर से इंटर्नशिप पूरी की और आरएमसी से अस्थायी पंजीकरण भी प्राप्त कर लिया। मामला सामने आने के बाद उसका पंजीकरण निरस्त कर दिया गया।
जयपुर के दलाल की मदद से बनवाया प्रमाणपत्र
पांचवां आरोपी दिशान्त टेलर (28) निवासी अम्बिका चौक मंदिर के पास, गागड़तलाई, तहसील गागड़तलाई, थाना सल्लोपाट, जिला बांसवाड़ा है। उसने कजाकिस्तान से एमबीबीएस की पढ़ाई की थी। एफएमजीई परीक्षा में असफल रहने के बाद उसने जयपुर निवासी यतिन्द्र पटेल की मदद से 20 लाख रुपए देकर जून 2023 का फर्जी प्रमाणपत्र बनवाया। इसके आधार पर राजकीय मेडिकल कॉलेज दौसा से इंटर्नशिप शुरू कर दी।
100 से अधिक विदेश से मेडिकल स्नातक चिन्हित, अब तक 38 गिरफ्तार
एसओजी के अनुसार रैकेट से जुड़े विदेश से मेडिकल स्नातक 100 से अधिक लोगों को चिन्हित किया जा चुका है। इस प्रकरण में आरएमसी के तत्कालीन रजिस्ट्रार डॉ. राजेश शर्मा, यूडीसी अखिलेश माथुर, एलडीसी फरहान हसन, मुख्य आरोपी भानाराम माली और अन्य दलालों सहित अब तक कुल 38 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
20 से 30 लाख रुपए तक वसूलते थे दलाल
एसओजी के पुलिस अधीक्षक सतनाम सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी भानाराम माली और उसके साथी शुभम गुर्जर, इन्द्रराज गुर्जर सहित अन्य दलाल फर्जी एफएमजीई प्रमाणपत्र बनवाने और आरएमसी में पंजीकरण कराने के बदले प्रति व्यक्ति 20 से 30 लाख रुपए तक वसूलते थे। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क, फर्जी प्रमाणपत्र तैयार करने और पंजीकरण कराने में शामिल अन्य लोगों की भूमिका के संबंध में जांच पड़ताल किया जा रहा है।
















