नारायण विहार फायरिंग मामला: 36 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी सचिन शर्मा समेत तीन गिरफ्तार

0
23
Narayan Vihar firing case
Narayan Vihar firing case

जयपुर। जयपुर कमिश्नरेट की डीएसटी, दक्षिण टीम और नारायण विहार थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नारायण विहार इलाके में दहशत फैलाने और फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी समेत तीन बदमाशों को मात्र 36 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते एक दुकान पर हमला कर जानलेवा फायरिंग की थी।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज सिंह ने बताया कि 17 नवंबर को परिवादी महेंद्र प्रताप सिंह भाटी,निवासी मोहन नगर, नाहरगढ़ ने नारायण विहार थाने में मामला दर्ज कराया था। रिपोर्ट के अनुसार, परिवादी नारायण विहार बी-ब्लॉक स्थित ‘निरंकारी बजरी सप्लायर्स’ की दुकान पर काम करता है। पूर्व में सचिन शर्मा पुत्र स्व. राजेश कुमार इस दुकान पर काम करता था, जिसे हटाए जाने के बाद से वह रंजिश रख रहा था।

घटना की रात करीब 12 बजे सचिन शर्मा दुकान पर आया और गालियां देते हुए वहां खड़ी लोडिंग गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी। इसके बाद, रात करीब 4-5 बजे के बीच सचिन अपने 4-5 साथियों के साथ दोबारा वहां पहुंचा और बाहर खड़ी स्विफ्ट गाड़ी में तोड़फोड़ करने लगा। जब महेंद्र ने आवाज सुनकर गेट खोला, तो आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

गनीमत रही कि परिवादी बाहर नहीं आया, जिससे उसकी जान बच गई। मौके पर पुलिस को गोलियों के खाली बुलेट भी मिले। पुलिस ने इस संबंध में बीएनएस की धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) ललित किशोर शर्मा और एसीपी मानसरोवर हेमंत शर्मा के निर्देशन में थानाधिकारी नारायण विहार राजेंद्र प्रसाद और डीएसटी प्रभारी विशम्भर सिंह के नेतृत्व में एक संयुक्त विशेष टीम का गठन किया गया।

डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सचिन शर्मा (32) पुत्र स्व. राजेश कुमार, निवासी सेक्टर 17, प्रताप नगर, अनुपम सिंह (27) पुत्र कल्याण सिंह, निवासी भरतपुर, हाल मुकद्म बॉयज पीजी, सेक्टर 10, प्रताप नगर व अभिषेक शर्मा (28) पुत्र गोपाल स्वरूप शर्मा, निवासी ग्राम सेवा, वजीरपुर, सवाई माधोपुर को गिरफ्तार कर लिया। वही इस मामले में मुख्य आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और वारदात में प्रयुक्त हथियारों तथा अन्य साथियों की संलिप्तता के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here