जयपुर। नारायण विहार इलाके में फायरिंग की घटना के बाद जयपुर पुलिस कमिश्नरेट ने अवैध खनन और बजरी भंडारण करने वालों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज के निर्देशन में थाना नारायण विहार और माइनिंग विभाग ने संयुक्त रूप से एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 165 टन अवैध बजरी जब्त की है।
ड्रोन सर्वे से हुआ अवैध भंडारण का खुलासा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गत 17 नवंबर 2026 को नारायण विहार के बी-ब्लॉक स्थित ‘निरंकारी बजरी सप्लायर्स’ की दुकान पर फायरिंग की घटना सामने आई थी। इस घटना के बाद पुलिस ने जब इलाके की सुध ली, तो यह बात संज्ञान में आई कि नारायण विहार क्षेत्र में कई जगहों पर अवैध रूप से बजरी का भारी भंडारण किया जा रहा है।
इस पर डीसीपी दक्षिण राजर्षि राज ने नारायण विहार थाना पुलिस को सख्त निर्देश देते हुए पूरे क्षेत्र में ड्रोन के माध्यम से सर्वे करवाया। ड्रोन सर्वे के दौरान ‘निरंकारी बजरी सप्लायर्स’ के यहां भारी मात्रा में अवैध बजरी का स्टॉक पकड़ा गया।
माइनिंग विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत माइनिंग विभाग को सूचित किया गया और आपसी समन्वय स्थापित कर संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया गया। पुलिस और माइनिंग विभाग की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए कुल 165 टन अवैध बजरी को जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से अवैध बजरी का कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है।

















