जयपुर। करधनी थाना इलाके में मैगी (नूडल्स) खाने के बाद सात साल की बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी बड़ी बहन की तबीयत बिगड़ गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस फूड पॉइजनिंग की आशंका जता रही है। घटना गुरुवार देर शाम कालवाड़ रोड स्थित मंगलम सिटी की है। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
पुलिस के अनुसार बच्चियों के माता-पिता चौमूं स्थित सिद्धि विनायक अस्पताल में भर्ती अपने बेटे गोविंद के पास गए हुए थे। घर पर 18 वर्षीय दिव्यांशी, 17 वर्षीय गुलशन, 14 वर्षीय समर और 7 वर्षीय पीहू मौजूद थे। गुरुवार सुबह बच्चे मंगलम सिटी स्थित विकास किराना स्टोर से 60 रुपए वाला मैगी का पैकेट खरीदकर लाए थे। सुबह करीब 10 बजे समर ने आधा पैकेट मैगी बनाकर खाया और बाकी मैगी अपने भाई-बहनों के लिए गैस पर छोड़कर खेलने चला गया।
दोपहर करीब 3 बजे दिव्यांशी और पीहू ने मैगी खाई और इसके बाद सो गईं। शाम करीब 5 बजे मां मीना घर पहुंची और दोनों बच्चियों को आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। कमरे में जाकर जगाने पर दिव्यांशी उठते ही उल्टियां करने लगी, जबकि पीहू नहीं उठी। परिजन दोनों को मंगलम सिटी के पास स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने पीहू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दिव्यांशी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
मृतका के पिता दिनेश कुमावत ने बताया कि वह मकान पेंटिंग का काम करते हैं। फरवरी 2025 में उनकी मीना से शादी हुई थी। मीना के पहले पति का निधन हो चुका है। शादी के बाद से वह मीना और उसके पांच बच्चों के साथ कालवाड़ रोड स्थित मंगलम सिटी में रह रहे हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। करधनी थानाधिकारी सवाई सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला फूड पॉइजनिंग का प्रतीत हो रहा है। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बच्ची की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

















