अखिलेश यादव अपने गठबंधन और सहयोगियों के सम्मान की करें चिंता: डॉ. अरविंद राजभर

0
27
Akhilesh Yadav should be concerned about the respect due to his alliance and allies: Dr. Arvind Rajbhar
Akhilesh Yadav should be concerned about the respect due to his alliance and allies: Dr. Arvind Rajbhar

जयपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से सोशल मीडिया पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की कथित 36 विधानसभा सीटों की सूची साझा कर राजनीतिक टिप्पणी करने पर सुभासपा ने पलटवार किया है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री डॉ. अरविंद राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव को सुभासपा की सीटों की फर्जी सूची वायरल करने के बजाय अपने राजनीतिक गठबंधन और सहयोगियों के सम्मान की चिंता करनी चाहिए।

डॉ. अरविंद राजभर ने कहा कि किसी राजनीतिक दल की आंतरिक बातचीत और सीटों से जुड़ी चर्चाओं को सार्वजनिक कर उसका मजाक उड़ाना राजनीतिक शिष्टाचार और गठबंधन की मर्यादा के अनुरूप नहीं है। गठबंधन में सीटों की मांग करना प्रत्येक राजनीतिक दल का लोकतांत्रिक अधिकार है। सुभासपा की ओर से 36 सीटों की मांग को एनडीए से बाहर निकलने का बहाना बताना पूरी तरह निराधार और भ्रामक है। सीटों की चर्चा को गठबंधन टूटने की कहानी के रूप में पेश करना अखिलेश यादव की अपनी राजनीतिक व्याख्या हो सकती है, लेकिन इससे सुभासपा की पहचान और संगठनात्मक ताकत पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि सुभासपा किसी राजनीतिक परिवार की विरासत के सहारे नहीं, बल्कि संघर्ष, संगठन और समाज के बीच निरंतर मेहनत के दम पर अपनी पहचान स्थापित कर रही है। पार्टी का अपना नेतृत्व, चुनाव चिह्न, कार्यकर्ता और सामाजिक आधार है। अखिलेश यादव को यह भी बताना चाहिए कि सहयोगी दलों के सम्मान और राजनीतिक भागीदारी की बात करने के साथ क्या दूसरे दलों की सीटों से जुड़ी चर्चाओं को कथित फर्जी सूची के रूप में सोशल मीडिया पर सार्वजनिक करना उचित राजनीतिक व्यवहार है।

डॉ. राजभर ने कहा कि सुभासपा ने हमेशा पिछड़ों, दलितों, वंचितों और शोषितों के अधिकारों तथा सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ी है। पार्टी की राजनीति किसी के इशारे पर नहीं चलती और न ही उसे किसी के राजनीतिक प्रमाणपत्र की आवश्यकता है। भाजपा की प्रत्याशियों की सूची और सुभासपा की सीटों की मांग को जोड़कर राजनीतिक अटकलें लगाना तथ्यों के बजाय भ्रम फैलाने का प्रयास है। गठबंधन में सीटों का अंतिम निर्णय अधिकृत बातचीत और आपसी सहमति से होता है, सोशल मीडिया की पोस्ट से नहीं।

उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की ओर से बनाई जा रही कथित राजनीतिक साजिशें सफल नहीं होंगी। सुभासपा की सीटों की सूची वायरल करने से पार्टी कमजोर नहीं होगी। अखिलेश यादव को सुभासपा की सीटों का हिसाब लगाने के बजाय अपने गठबंधन और सहयोगियों के सम्मान का हिसाब रखना चाहिए। सुभासपा अपने सम्मान, संगठन और सामाजिक न्याय के एजेंडे के साथ मजबूती से आगे बढ़ती रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here