ढोल की थाप और उस्ताद के इशारे पर थिरके अश्व: पुष्कर मेले में 17 घोड़े-घोड़ियों ने दिखाई नृत्य कला

0
26
Horses dance to the beat of the drum and the master's command.
Horses dance to the beat of the drum and the master's command.

जयपुर/अजमेर। अंतरराष्ट्रीय पुष्कर पशु मेला-2026 में अश्व नृत्य प्रतियोगिता पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। ढोल की थाप और उस्ताद के इशारे पर घोड़े-घोड़ियों ने एक से बढ़कर एक नृत्य मुद्राएं प्रस्तुत कर दर्शकों को हैरान कर दिया। प्रतियोगिता में 17 घोड़े-घोड़ियों ने भाग लिया। खास बात यह रही कि इनके नृत्य के पीछे उस्तादों की वर्षों की मेहनत और अश्वों के साथ उनका बेहतर तालमेल नजर आया।

मेले में देश के कई राज्यों से अश्वपालक अपने घोड़े-घोड़ियों के साथ पहुंचे हैं। इनमें करीब 30 प्रतिशत पालक केवल प्रदर्शन के लिए, जबकि 70 प्रतिशत अश्व बेचने के उद्देश्य से लाए हैं। बिक्री के लिए आने वाले अधिकांश घोड़े-घोड़ियों की मांग शादियों में दूल्हे की निकासी और बारात के लिए रहती है। राजस्थान में प्रशिक्षित नृत्य करने वाले अश्वों की विशेष मांग है। ये ढोल की थाप पर नृत्य कर बारात में लोगों का मनोरंजन भी करते हैं।

13 तरह के नृत्य सीखते हैं घोड़े-घोड़ियां

पुष्कर मेले की प्रतियोगिता में ज्यादातर नुगरा नस्ल के घोड़े-घोड़ियों ने हिस्सा लिया। इस नस्ल के अश्वों का रंग सफेद या गुलाबी होता है। यह नस्ल राजस्थान और पंजाब में अधिक पाई जाती है तथा इसकी कद-काठी मारवाड़ी नस्ल के समान होती है। प्रतियोगिता के दौरान घोड़े-घोड़ियों के पैरों में घुंघरू बांधे गए थे। ढोल की थाप के उतार-चढ़ाव के साथ वे कभी दोनों पैर उठाकर, कभी एक पैर नीचे और दूसरा ऊपर करके तो कभी दोनों पैरों से अलग-अलग मुद्राओं में नृत्य करते नजर आए।

उस्ताद घोड़े-घोड़ियों को सामान्य तौर पर 13 प्रकार के नृत्य सिखाते हैं। इनमें चोटाला, धमाल, नागिन, गजरा, खाट, लेवाड़े, तेतरी, इकपाई, भंगड़ा, घूमर, पूजा और रणभेरी सहित अन्य विधाएं शामिल हैं। प्रत्येक नृत्य के लिए ढोल बजाने की अलग शैली भी होती है।

6 माह से एक साल तक का प्रशिक्षण

अश्वपालक मेघ सिंह ने बताया कि उन्होंने कम उम्र में ही अपने पिता से अश्वों को नृत्य सिखाने की कला सीखी थी। वे पिछले 10 वर्षों से घोड़े-घोड़ियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं और पांच वर्षों से अपने अश्वों के साथ पुष्कर मेले में आ रहे हैं। उनके अनुसार, एक अश्व को नृत्य में प्रशिक्षित करने में छह माह से एक साल तक का समय लगता है। प्रतिदिन 15 से 20 मिनट अभ्यास कराया जाता है। इस बार उन्होंने अपनी तीन घोड़ियों बाईसा, गुलाबो और शबनम को प्रतियोगिता में उतारा है।

डीडवाना के झाडोल गांव निवासी प्रभु सिंह ने बताया कि उनके परिवार में अश्वपालन और प्रशिक्षण की परंपरा तीन पीढ़ियों से चली आ रही है। उन्होंने भी अपने पिता से घोड़ों को नृत्य सिखाने की कला सीखी। इस बार वे दो अश्वों के साथ प्रतियोगिता में शामिल हुए हैं। उन्होंने बताया कि बाहरी राज्यों से आए अश्वपालक भी प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।

रणभूमि से शुरू हुई अश्व नृत्य की परंपरा

पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक और स्वयं अश्वपालक डॉ. नवीन परिहार ने बताया कि अश्व नृत्य की शुरुआत रणभूमि से हुई थी। पुराने समय में सैनिक कई दिनों और महीनों तक रण क्षेत्र में रहते थे। मनोरंजन के साधन सीमित होने के कारण शाम को पूजा और आरती के दौरान ढोल बजाया जाता था। इसी ढोल की थाप पर घोड़े-घोड़ियों के शालीन नृत्य की परंपरा शुरू हुई। सुबह रणभूमि में जाने के समय रणभेरी बजाई जाती थी, जिसकी ध्वनि से सैनिकों में जोश भरता था। अश्वों की टाप भी सैनिकों का उत्साह बढ़ाती थी।

उन्होंने बताया कि पारंपरिक रूप से अश्व नृत्य की चार प्रमुख विधाएं थीं। समय के साथ ढोल की थाप में नए प्रयोग और रीमिक्स संगीत जुड़ने से नृत्य की विधाओं में भी विस्तार हुआ। वर्तमान में पूजा, आरती और रणभेरी जैसी पारंपरिक विधाओं के साथ कई नई शैलियां भी प्रचलित हैं।

डॉ. परिहार के अनुसार अश्व नृत्य में घोड़े और उस्ताद के बीच भरोसा और सामंजस्य सबसे महत्वपूर्ण है। अश्व का स्वस्थ और प्रशिक्षित होना जरूरी है। उस्ताद को भी उसके साथ नियमित समय बिताना पड़ता है। दोनों के बीच तालमेल बन जाने पर घोड़े-घोड़ियां करीब छह माह के प्रशिक्षण के बाद इशारों पर नृत्य करने लगते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here