जयपुर। कार्तिक शुक्ल चतुर्दशी के पावन अवसर पर सोमवार को छोटी काशी जयपुर में वैकुंठ चतुर्दशी का पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर के प्रमुख विष्णु और शिव मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना एवं अभिषेक के आयोजन हुए।
मंदिरों में ठाकुरजी की मनमोहक झांकियां सजाई गईं, जिनके दर्शन कर श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और लोक कल्याण की कामना की। पर्व के दौरान ‘हरि-हर मिलन’ की पौराणिक परंपरा को लेकर भी भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला, जिसके चलते शिवालयों में भी सुबह से शाम तक दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा।
गोविंद देवजी और बैकुंठनाथ मंदिर में भक्तों का सैलाब
शहर के आराध्य देव ठिकाना मंदिर श्री गोविंद देवजी में सोमवार को हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे। भक्तों ने ठाकुरजी की सातों झांकियों के दर्शन किए, मंदिर परिसर स्थित धार्मिक वृक्षों की परिक्रमा लगाई और संध्या समय दीपदान कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
वहीं, सोडाला स्थित प्राचीन भगवान बैकुंठनाथ मंदिर में सुबह से ही दर्शनार्थियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने यहां विराजित भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी के चतुर्भुज स्वरूप के दर्शन कर परिक्रमा की। इस अवसर पर सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने भी मंदिर पहुंचकर प्रदेशवासियों के सुख-सौभाग्य की कामना के साथ पूजा-अर्चना की, जहां मंदिर के पुजारियों ने उनका अभिनंदन किया।
मंदिर में महिलाओं ने परिवार की खुशहाली के लिए 108 और आठ परिक्रमाएं लगाईं। यहां भगवान विष्णु की 4.45 फीट ऊंची तथा मां लक्ष्मी की चार फीट ऊंची प्रतिमा विशेष आकर्षण का केंद्र रही। भगवान के चार हाथों में शंख, चक्र, गदा और पद्म सुशोभित हैं। मंदिर का चांदी का सिंहासन और ‘बैकुंठी’—जिसमें नाव, सीढ़ियां और भगवान विष्णु की चांदी की प्रतिमा स्थापित है—श्रद्धालुओं को भावविभोर करती रही। मंदिर की दीवारों पर स्वर्ण चित्रकारी से उकेरे गए राम-सीता विवाह, राम राज्याभिषेक, नृसिंह अवतार और मत्स्य अवतार के प्रसंग भी आकर्षण का केंद्र बने रहे।

















