जयपुर। मार्गशीर्ष मास के आगमन और गुलाबी नगरी में सर्दी का असर बढ़ने के साथ ही मंदिरों में ठाकुरजी की सेवा-पूजा की दिनचर्या में बदलाव शुरू हो गया है। शीत ऋतु को देखते हुए भगवान को ठंड से बचाने के लिए उनके स्नान, श्रृंगार और भोग की व्यवस्था में विशेष बदलाव किए जा रहे हैं। अब मंदिरों में ठाकुरजी को गुनगुने जल से स्नान कराया जा रहा है और सूती वस्त्रों की जगह गर्म एवं मोटे कपड़ों की पोशाक धारण कराई जा रही है।
श्री सरस निकुंज के प्रवक्ता प्रवीण बड़े भैया ने बताया कि शीतकालीन सेवा के तहत ठाकुरजी को गुनगुना केसरयुक्त दूध और गर्म तासीर वाले सूखे मेवों का भोग अर्पित किया जा रहा है। मौसम के अनुरूप भगवान के वस्त्रों और खान-पान का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। आगामी दिनों में जैसे-जैसे सर्दी बढ़ेगी, वैसे-वैसे गर्म वस्त्रों और विशेष भोग की व्यवस्थाओं में भी इजाफा किया जाएगा।
घर-घर लड्डू गोपाल के लिए हो रही खरीदारी
मंदिरों के साथ ही घरों में विराजित लड्डू गोपाल की शीतकालीन सेवा को लेकर भी श्रद्धालुओं में उत्साह है। भक्त अपने आराध्य के लिए ऊनी, मखमली और आकर्षक गर्म पोशाकों की खरीदारी कर रहे हैं। बाजारों में लड्डू गोपाल के लिए विभिन्न आकार और डिजाइन की गर्म पोशाकें सज गई हैं। श्रद्धालुओं की मांग को देखते हुए जयपुर के प्रमुख बाजारों के साथ ऑनलाइन मंचों पर भी गर्म वस्त्रों की नई रेंज उपलब्ध है। इनमें ऊनी पोशाक, स्वेटर, शॉल और सर्दी के अनुकूल विशेष श्रृंगार सामग्री शामिल हैं।

















