तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को कुचला: हादसे में तीन साल के बच्चे की मौत

0
39

जयपुर। विश्वकर्मा थाना इलाके में शुक्रवार देर शाम तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में तीन साल के मासूम की मौत हो गई, जबकि उसकी मां, बहन और धर्म भाई घायल हो गए। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने ट्रक चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। मारपीट में चालक भी बेहोश हो गया, जिसे पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया।

थानाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने बताया कि हादसा रोड नंबर-17 के पास गोयल धर्मकांटा के सामने शाम करीब चार बजे हुआ। कृष्णा विहार अखेपुरा निवासी रीना अपने तीन वर्षीय बेटे कार्तिक और बेटी साक्षी के साथ मुरलीपुरा की ओर जा रही थी। बाइक रीना के धर्मभाई कैलाश चला रहे थे। रोड नंबर-17 पार करने के बाद सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। हादसे में कार्तिक की मौत हो गई, जबकि रीना, साक्षी और कैलाश घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद ट्रक चालक कुछ देर मौके पर रुका। इसके बाद उसने अचानक ट्रक दौड़ा दिया। सड़क पर पड़ी क्षतिग्रस्त बाइक और मासूम कार्तिक को रौंदते हुए ट्रक आगे निकल गया। यह देखकर मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
हादसे के बाद लोगों ने ट्रक का पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे रोककर चालक को पकड़ लिया। आक्रोशित लोगों ने चालक की पिटाई कर दी। सूचना पर विश्वकर्मा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। मारपीट में घायल चालक को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

थानाधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। ट्रक चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here