जयपुर। सेज थाना पुलिस ने कलवाड़ा स्थित एयरटेल वेयरहाउस से मोबाइल टॉवर के कीमती पार्ट्स चोरी करने के मामले में 8 महीने से फरार चल रहे आरोपी मयंक मिश्रा को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस अब तक गिरोह के कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर शहर पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि 20 नवंबर 2025 को एयरटेल वेयर हाउस कलवाड़ा के प्रबंधक समीर मलिक ने सेज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वेयरहाउस के सुरक्षा गार्डों ने अन्य बदमाशों के साथ मिलकर सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए और मोबाइल टॉवर में उपयोग होने वाले आरआरयू, बीबीयू सहित अन्य कीमती उपकरण चोरी कर लिए। पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू की थी और सेज थानाधिकारी उदय सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, लखनऊ, रायबरेली, उन्नाव के अलावा दिल्ली और गुड़गांव में दबिश देकर पहले 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें हिमांशु, अजय प्रताप सिंह, शुभम सिंह, आयुष तिवारी, अनुज सिंह, रूद्र प्रताप सिंह, शिवा सिंह, उत्तम कुमार कश्यप, कासिम, रमेश सिंह और आकाश कुमार सिंह शामिल हैं। पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त लोडिंग वाहन और क्रेटा कार भी जब्त की थी।
सेज थानाधिकारी उदय सिंह के अनुसार साथियों की गिरफ्तारी के बाद आरोपी मयंक मिश्रा फरार हो गया था और लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। तकनीकी निगरानी और पुलिस प्रयासों के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आरोपी से चोरी किए गए सामान की बरामदगी और अन्य संभावित वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।



















