जयपुर। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में घर में घुसकर मोबाइल, नकदी और जेवरात चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल और 10 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं।
जयपुर उत्तर पुलिस उपायुक्त करन शर्मा ने बताया कि 12 अगस्त को सुरेन्द्र सिंह निवासी आमेर रोड ब्रह्मपुरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 अगस्त को भवानी सिंह उर्फ सूरज सिंह घर में घुसा और मोबाइल, नकदी व जेवरात चोरी कर ले गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जहां ब्रह्मपुरी थानाधिकारी हेमन्त जनागल के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही आसूचना तंत्र को सक्रिय कर आरोपी की तलाश की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भवानी सिंह उर्फ सूरज सिंह (22) को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी का मोबाइल और 10 हजार रुपए बरामद किए गए।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के दौरान क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की वारदातों तथा चोरी किए गए जेवरात और अन्य सामान के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है।



















