जयपुर। ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने मकान के ताले तोड़कर अवैध कब्जा करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी राहुल मीणा उर्फ दीपू मीणा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले करीब एक माह से गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पर्यटन विभाग में एलडीसी के पद पर कार्यरत है तथा उसके खिलाफ पूर्व में हत्या के प्रयास, अपहरण और रंगदारी मांगने सहित सात आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करण शर्मा ने बताया कि 11 मई 2026 को परिवादी शाहरुख कुरैशी ने ब्रह्मपुरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके खरीदशुदा मकान संख्या-9, गणेश कॉलोनी, आमेर रोड पर राहुल मीणा उर्फ दीपू मीणा ने ताले तोड़कर अवैध कब्जा कर लिया। मामले पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर प्रथम नीरज पाठक के सुपरविजन तथा सहायक पुलिस आयुक्त आमेर सुरेन्द्र सिंह राणावत के निर्देशन में थानाधिकारी हेमन्त जनागल के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी राहुल मीणा (33) उर्फ दीपू मीणा, पुत्र सीताराम मीणा, निवासी राजीवपुरी कॉलोनी, ग्रामीण पुलिस लाइन के पीछे, आमेर रोड को दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास, अपहरण, रंगदारी मांगने सहित सात आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं और वह विभिन्न मामलों में न्यायालय से जमानत पर चल रहा था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की आगे जांच कर रही है।



















