जयपुर। शिवदासपुरा थाना पुलिस ने पॉक्सो अधिनियम के एक गंभीर मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर युवती के साथ दुष्कर्म कर उसका वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का आरोप है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि शिवदासपुरा थाने में परिवादी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी ने उसकी पुत्री के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया और घटना का वीडियो बना लिया। इसके बाद वह वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार पीड़िता को ब्लैकमेल कर रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
जहां पुलिस की गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी आनंद गोयल (29) निवासी निन्दन राव जी का रास्ता कोतवाली जयपुर हाल शिवदासपुरा को दस्तयाब कर पूछताछ की। अनुसंधान में आरोप प्रमाणित पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी की गिरफ्तारी में कांस्टेबल संतोष चाहर और कांस्टेबल कानाराम की विशेष भूमिका रही। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी राजेश गौतम, कांस्टेबल शंकरलाल, संतोष चाहर, कानाराम तथा जयपुर दक्षिण साइबर सेल के हेड कांस्टेबल रामसिंह और लोकेश शामिल रहे।



















