सर्विस सेंटर से 50 हजार की चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

0
52

जयपुर। राजधानी जयपुर के कालवाड़ थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सर्विस सेंटर से नकदी चोरी करने वाले शातिर आरोपी को महज 24 घंटे में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ग्राहक बनकर सेंटर में घुसा और मौका पाकर ऑफिस में रखी नकदी पर हाथ साफ कर फरार हो गया था।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि हाथोज स्थित जे.के. मोटर्स सर्विस सेंटर के संचालक हीरालाल यादव ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार 21 अप्रैल को एक अज्ञात व्यक्ति गाड़ी की जानकारी लेने के बहाने सेंटर पर आया। इसी दौरान जब संचालक अपने काम में व्यस्त था, आरोपी ऑफिस में घुस गया और वहां रखे कपड़ों की जेब से करीब 50 हजार रुपए निकालकर फरार हो गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश गुप्ता और सहायक पुलिस आयुक्त (झोटवाड़ा) आलोक कुमार सैनी के सुपरविजन में थानाधिकारी सुरेश सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने सर्विस सेंटर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी सतवीर सिंह (34) को गिरफ्तार किया है, जो मूल रूप से सीकर जिले के लोसल का निवासी है और वर्तमान में जयपुर के मुरलीपुरा स्थित बंधुनगर में रह रहा था। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशा करने और जुआ खेलने का आदी है। अपनी इन आदतों को पूरा करने के लिए वह सुनसान स्थानों, मकानों और दुकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी के कई प्रकरण दर्ज हैं।

इस त्वरित कार्रवाई में थानाधिकारी सुरेश सिंह के साथ हेड कांस्टेबल शेरसिंह, दुर्गाप्रसाद तथा कांस्टेबल हीरालाल, गोपाल लाल और भंवरलाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर चोरी की गई राशि की बरामदगी के प्रयास में जुटी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here