आंगनबाड़ी नोटिस फाइल करने की एवज में रिश्वत लेते सहायक प्रशासनिक अधिकारी गिरफ्तार

0
34
Assistant Administrative Officer arrested for accepting a bribe in exchange for filing an Anganwadi notice.
Assistant Administrative Officer arrested for accepting a bribe in exchange for filing an Anganwadi notice.

जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रिश्वतखोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जैसलमेर जिले के पोकरण में बाल विकास परियोजना कार्यालय के एक सहायक प्रशासनिक अधिकारी को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को जारी कारण बताओ नोटिस का जवाब तैयार कर फाइल में लगाने की एवज में रिश्वत मांग रहा था।

एसीबी डीजी गोविंद गुप्ता के अनुसार एसीबी कार्यालय में बाल विकास परियोजना अधिकारी साकड़ा मुख्यालय पोकरण में कार्यरत सहायक प्रशासनिक अधिकारी भवानी सिंह के खिलाफ शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में बताया गया कि परिवादी की माता आंगनबाड़ी केंद्र रामपुरा में कार्यरत हैं। जहां बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) साकड़ा द्वारा 3 जून 2026 को आंगनबाड़ी केंद्र रामपुरा चौक का औचक निरीक्षण किया गया था। जिसमें परिवादी की माता अनुपस्थित मिलीं। इसके बाद उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

शिकायत के अनुसार नोटिस का जवाब प्रस्तुत करने के लिए परिवादी कार्यालय पहुंचा तो सहायक प्रशासनिक अधिकारी भवानी सिंह ने नोटिस का जवाब तैयार करवाने, उसे सीडीपीओ के समक्ष प्रस्तुत करने तथा नोटिस को फाइल करवाने के बदले पांच हजार रुपये रिश्वत की मांग की। रिश्वत नहीं देने पर परिवादी को परेशान किया जा रहा था।

शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी ने कार्रवाई की योजना बनाई। एसीबी चौकी जैसलमेर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपतचंद के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई के दौरान आरोपित भवानी सिंह को परिवादी से पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। एसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here