जयपुर। राजधानी में बढ़ती वाहन चोरी की वारदातों पर लगाम लगाने के लिए प्रताप नगर और बजाज नगर थाना पुलिस ने जिला विशेष टीम (डीएसटी) के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए ऑन डिमांड बाइक चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के पांच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 45 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पूछताछ में आरोपियों ने जयपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों से 60 से अधिक दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया है। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
डीसीपी (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में रणजीत भील (23) निवासी सुल्तानपुर, कोटा हाल शिवदासपुरा, विवेक कुमार उर्फ लाला मीणा (22) निवासी टोडाभीम जिला करौली, किरोड़ी मीणा (43), रामसिंह मीणा (37) और रामकेश मीणा (25) निवासी रैणी जिला अलवर शामिल हैं। गिरोह में शामिल एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है।
100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर पहुंची पुलिस
डीसीपी (पूर्व) ने बताया कि प्रताप नगर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही वाहन चोरी और नकबजनी की घटनाओं को देखते हुए थानाधिकारी पूरणमल यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। वहीं बजाज नगर में थानाधिकारी रामधन डोभाल के नेतृत्व में अलग टीम बनाई गई। दोनों टीमों ने डीएसटी प्रभारी एसआई बन्ना लाल की टीम के साथ मिलकर 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद विभिन्न ठिकानों पर दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इंदिरा नगर क्षेत्र से किरोड़ी, रामसिंह और रामकेश को पकड़ा गया, जबकि प्रताप नगर क्षेत्र से विवेक और रणजीत को गिरफ्तार किया गया।
पॉक्सो मामले में फरार इनामी बदमाश भी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विवेक कुमार उर्फ लाला मीणा पिछले तीन वर्षों से खो नागोरियान थाने में दर्ज पॉक्सो एक्ट के मामले में फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 3 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
ऑन डिमांड चुराते थे बाइक, 5 हजार में बेच देते थे
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले वाहन मालिकों और पार्किंग स्थलों की रेकी करते थे। इसके बाद मांग के अनुसार मोटरसाइकिल चोरी कर अन्य जिलों में मात्र 5 हजार रुपए तक में बेच देते थे। चोरी की गाड़ियों और उनके पार्ट्स को औने-पौने दामों में बेचकर मिली रकम को मौज-मस्ती और शराब के शौक पर खर्च किया जाता था।
दो चरणों में 45 मोटरसाइकिल बरामद
प्रताप नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार रणजीत और विवेक की निशानदेही पर 25 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। वहीं बजाज नगर थाना पुलिस और डीएसटी ने किरोड़ी, राम सिंह और रामकेश के कब्जे से 20 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर जब्त कीं।
कई थाना क्षेत्रों से की थी चोरी
आरोपियों ने पूछताछ में जयपुर के बजाज नगर, शिप्रापथ, शिवदासपुरा, प्रताप नगर, महेश नगर, मानसरोवर, गलता गेट, करधनी सहित अजमेर के मदनगंज और अन्य जिलों से दोपहिया वाहन चोरी करना कबूल किया है। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ में कई और वारदातों का खुलासा हो सकता है। वहीं पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी पुराने अपराधी हैं।
जिसमें किरोड़ी मीणा के खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट, मारपीट सहित 10 मामले दर्ज हैं। रामसिंह मीणा के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम सहित 10 गंभीर मामले दर्ज हैं और रामकेश मीणा के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और चोरी के 2 मामले दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में प्रताप नगर थाना प्रभारी पूरणमल यादव, हेड कांस्टेबल दशरथ सिंह, दयाराम, कांस्टेबल शंकरलाल और गणेश की टीम शामिल रही। बजाज नगर थाना प्रभारी रामधन डोभाल, एएसआई इंद्राज, हेड कांस्टेबल धर्म सिंह, कांस्टेबल रामवतार, भरतलाल और महेंद्र कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं डीएसटी प्रभारी एसआई बन्ना लाल, हेड कांस्टेबल तुलसीराम, रणवीर सिंह, कांस्टेबल राजेश, हारूराम, विजय, नीरज, हेमंत, चालक जितेंद्र तथा तकनीकी सेल के कांस्टेबल दयाराम भी कार्रवाई में शामिल रहे।



















