जयपुर। राजस्थान के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर साइबर ठगों द्वारा सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाकर लोगों को निवेश का झांसा देने का मामला सामने आया है। फर्जी प्रोफाइल के माध्यम से लोगों को विभिन्न निवेश योजनाओं से जोड़ने और ग्रुप में शामिल करने के संदेश भेजे जा रहे हैं।
मामले की जानकारी मिलने पर मंत्री संजय शर्मा ने स्वयं सोशल मीडिया के जरिए लोगों को सतर्क किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके नाम से संचालित किया जा रहा अकाउंट पूरी तरह फर्जी है और उसका उनसे कोई संबंध नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि उनके नाम से भेजे जाने वाले किसी भी संदेश, लिंक, निवेश प्रस्ताव या धनराशि से जुड़े अनुरोध पर भरोसा नहीं करें।
मंत्री ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी, आधार नंबर अथवा अन्य निजी और वित्तीय जानकारी साझा नहीं करें। यदि उनके नाम से कोई संदिग्ध सोशल मीडिया प्रोफाइल दिखाई दे तो उसे तत्काल संबंधित प्लेटफॉर्म पर रिपोर्ट करें, ताकि साइबर अपराधियों के खिलाफ समय पर कार्रवाई हो सके।
उन्होंने कहा कि साइबर ठग लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को ठगी का शिकार बनाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में सतर्कता और जागरूकता ही सबसे प्रभावी बचाव है। किसी भी निवेश योजना या सोशल मीडिया प्रोफाइल पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें।
उधर पुलिस ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, साइबर अपराधी प्रभावशाली व्यक्तियों के नाम और पहचान का दुरुपयोग कर लोगों तक पहुंचने तथा ठगी की वारदातों को अंजाम देने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस फर्जी अकाउंट संचालित करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।



















