जयपुर में बाइक सवार लुटेरों का कहर

0
31

जयपुर। राजधानी के जवाहर नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने चेन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देकर दहशत फैला दी। बदमाशों ने पहले जवाहर नगर सेक्टर-3 में मंदिर जा रही एक बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन झपट ली। इसके बाद भागते समय सिंधी कॉलोनी में दूसरी महिला को भी निशाना बनाया, लेकिन महिला की सतर्कता से उनकी कोशिश नाकाम रही।

पुलिस के अनुसार जवाहर नगर सेक्टर-3 निवासी बुजुर्ग महिला शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे घर से मंदिर जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से बाइक पर आए दो नकाबपोश बदमाशों ने उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन तोड़ ली। महिला के शोर मचाने और पीछा करने के बावजूद दोनों बदमाश तेज रफ्तार से फरार हो गए।

पहली वारदात के कुछ ही देर बाद बदमाशों ने सिंधी कॉलोनी में पैदल जा रही एक अन्य महिला को निशाना बनाया। उन्होंने महिला के गले से चेन झपटने का प्रयास किया, लेकिन महिला ने चेन पकड़ ली, जिससे बदमाश अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके। शोर-शराबा होने पर दोनों आरोपी बाइक से मौके से भाग निकले।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घटनास्थलों का मौका मुआयना किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिनमें दोनों बाइक सवार बदमाश वारदात से पहले दो-तीन बार इलाके में चक्कर लगाकर रेकी करते नजर आए। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here