जयपुर। आईपीएल क्रिकेट मैचों के दौरान सक्रिय ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क के खिलाफ जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की क्राइम स्पेशल टीम (सीएसटी) ने कार्रवाई करते हुए बीकानेर निवासी एक बड़े क्रिकेट बुकी को गिरफ्तार किया है। आरोपित को न्यू सांगानेर रोड स्थित फ्लैट से दबोचा गया। जहां वह एसआरएच बनाम राजस्थान रॉयल्स मैच पर ऑनलाइन सट्टा चला रहा था।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) संजीव नैन ने बताया कि सीएसटी और शिप्रापथ थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से अरावली एन्क्लेव स्थित फ्लैट पर दबिश मारते हुए ओमप्रकाश (40) निवासी डूंगरगढ़ जिला बीकानेर हाल अरावली एन्क्लेव न्यू सांगानेर रोड, जयपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 02 मोबाइल फोन, 01 लैपटॉप, 40 हजार रुपये नकद तथा करोड़ों रुपये के सट्टे के हिसाब की स्लिप पैड सहित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी “ALLPANELEXCH9.CO” नामक मास्टर आईडी के जरिए सट्टे का नेटवर्क संचालित कर रहा था और ग्राहकों को फोन पर मैच के रेट देकर सट्टा लगवाता था। इसमें उसकी 40 प्रतिशत हिस्सेदारी होने की भी जानकारी सामने आई है।
वहीं बरामद स्लिप पैड में करोड़ों रुपये के सट्टे के लेन-देन का रिकॉर्ड मिला है, जिसकी जांच की जा रही है। आरोपी ठिकाने बदल-बदलकर अपना नेटवर्क चला रहा था। पुलिस अब उसके मोबाइल और लैपटॉप की तकनीकी जांच कर नेटवर्क से जुड़े अन्य बुकी और सहयोगियों की तलाश में जुटी है।



















