जयपुर एयरपोर्ट पर डीआरआई टीम ने किया 3.23 करोड़ का 2.08 किलो तस्करी का सोना जब्त

0
14

जयपुर। राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बड़ी कार्रवाई करते हुए शारजाह से आए एक यात्री को करीब 2.08 किलो तस्करी के सोने के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद सोने की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 3.23 करोड़ रुपए बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार आरोपी यात्री शारजाह से जयपुर पहुंचा था। डीआरआई अधिकारियों को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उसके ट्रॉली बैग की जांच की गई। तलाशी के दौरान बैग में कपड़ों और अन्य सामान के बीच छिपाकर रखी गई 10 से अधिक ट्यूब बरामद हुईं। पूछताछ के दौरान यात्री घबरा गया।

अधिकारियों ने जब ट्यूब को दबाकर जांच की तो उनमें से पेस्ट के रूप में छिपाया गया सोना बरामद हुआ। डीआरआई टीम ने आरोपी के कब्जे से कुल 2 किलो 8 ग्राम सोना जब्त किया। गिरफ्तार आरोपी बीकानेर निवासी बताया जा रहा है। अधिकारियों ने उसके खिलाफ सोना तस्करी का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।

गुरुवार को आरोपी को जयपुर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। डीआरआई अब इस मामले में अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किस गिरोह के लिए काम कर रहा था और तस्करी के सोने की डिलीवरी कहां की जानी थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here