राहुल गांधी के बयान पर भाजपा प्रदेश मुख्यालय से चौमूं हाउस सर्किल तक जुलूस निकाल फूंका पुतला

0
37
BJP burns effigy of Rahul Gandhi over his statement
BJP burns effigy of Rahul Gandhi over his statement

जयपुर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के विरोध में गुरुवार को जयपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर बड़ी संख्या में एकत्रित कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भाजपा कार्यालय से चौमूं हाउस सर्किल तक जुलूस निकाला और वहां उनका पुतला फूंका।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड ने कहा कि महात्मा गांधी ने आजादी के बाद कांग्रेस को समाप्त करने की बात कही थी, लेकिन तत्कालीन नेताओं ने राजनीतिक स्वार्थ के चलते उसे जीवित रखा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अपने बयानों और कार्यशैली से कांग्रेस को समाप्ति की ओर ले जा रहे हैं।

राठौड़ ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के लिए इस प्रकार की भाषा का प्रयोग अशोभनीय और राष्ट्र की गरिमा के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि देश का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है, जबकि विपक्ष केवल अनर्गल बयानबाजी में लगा हुआ है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें भारत की विदेश नीति और कूटनीति दिखाई नहीं देती, बल्कि उनका ध्यान “टॉफी और चॉकलेट” जैसे विषयों पर केंद्रित है। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को चॉकलेट भी वितरित की। राठौड़ ने कहा कि राहुल गांधी के बयान राष्ट्रीय नेतृत्व के स्तर के अनुरूप नहीं हैं और इससे उनकी राजनीतिक निराशा झलकती है।

उन्होंने कांग्रेस द्वारा भाजपा मुख्यालय घेराव के कार्यक्रम पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस स्वयं बिखरी हुई स्थिति में है और भाजपा का घेराव करने की बात हास्यास्पद है। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक मामले में भाजपा सरकार का कोई दोष नहीं है और कांग्रेस केवल राजनीतिक लाभ लेने के लिए आंदोलन कर रही है।

राठौड़ ने दावा किया कि राजस्थान में भाजपा सरकार के दौरान कोई पेपर लीक की घटना नहीं हुई, जबकि कांग्रेस शासनकाल में कई बार ऐसे मामले सामने आए। उन्होंने कहा कि वर्तमान मामले में नेशनल टेस्टिग एजेंसी (एनटीए) ने त्वरित कार्रवाई की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी जल्द ही कांग्रेस नेताओं की कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के खिलाफ जनजागरण अभियान भी चलाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here