फोन-पे पर आंख मूंदकर भरोसा पड़ा भारी, जौहरी बाजार के व्यापारी को 1.67 लाख का चूना

0
40

जयपुर। राजधानी के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र जौहरी बाजार में ऑनलाइन पेमेंट पर बिना जांच-पड़ताल भरोसा करना एक चांदी व्यापारी को बेहद महंगा पड़ गया। शातिर ठगों ने झांसा देकर 600 ग्राम चांदी के सिक्के खरीदे और डिजिटल ट्रांसफर का फर्जीवाड़ा कर 1.67 लाख रुपए का चूना लगा दिया। मामला सामने आने के बाद माणक चौक थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नीलकण्ठ कॉलोनी ,अजमेर रोड, निवासी व्यापारी अवधेश बंसल की हल्दियों का रास्ता में आभूषणों की फर्म है। दुकान पर पांच लोग पहुंचे और 500 ग्राम व 100 ग्राम वजन के दो चांदी के सिक्के पसंद किए। आरोपियों ने व्यापारी के फोन-पे स्कैनर का उपयोग करते हुए कुल 5 बार में भुगतान किया।

सिक्के और बिल जारी – मोबाइल स्क्रीन पर 1.67 लाख रुपए का ट्रांजैक्शन मैसेज और नोटिफिकेशन देखकर व्यापारी ने आश्वस्त होकर चांदी के सिक्के और बाकायदा जीएसटी बिल आरोपियों को सौंप दिया। अगले दिन जब अवधेश बंसल अपने बैंक एचडीएफसी
बैंक, जौहरी बाजार शाखा पहुंचे, तो अधिकारी की बात सुनकर उनके होश उड़ गए।

बैंक प्रशासन ने सूचित किया कि कुल भुगतान में से 1.66 लाख रुपए की राशि को होल्ड कर दिया गया है। बैंक ने बताया कि इन पैसों को लेकर महाराष्ट्र के अलंकार थाना ने 98,500 व उत्तर प्रदेश के बकेवर थाने में 67,500 रुपए के साइबर फ्रॉड के दो अलग अलग मामले दर्ज है। पुलिस और बैंक गाइडलाइंस के तहत पीड़ित व्यापारी का बैंक खाता और पॉइंट ऑफ सेल मशीन भी ब्लॉक कर दी।

पीड़ित व्यापारी अवधेश बंसल की शिकायत पर माणक चौक थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब दुकान और आसपास की गलियों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही साइबर सेल की मदद से जिन खातों से पेमेंट ट्रांसफर हुआ था, उनके तकनीकी डेटा के आधार पर ठगों की लोकेशन का पता लगाया जा रहा है। इस घटना के बाद से जौहरी बाजार के अन्य व्यापारियों में ऑनलाइन पेमेंट को लेकर चिंता और दहशत का माहौल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here