जयपुर में 9 अगस्त को होगा काजू महोत्सव : 13 शेफ पेश करेंगे काजू से बनी विशेष रेसिपी

0
155

जयपुर। ऑल इंडिया काजू एसोसिएशन (एआईसीए) और नट्स एंड ड्राई फ्रूट्स काउंसिल ऑफ इंडिया (एनडीएफसीआई) के संयुक्त तत्वावधान में 9 अगस्त को जयपुर में काजू महोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। यह महोत्सव सीतापुरा स्थित नोवोटेल कन्वेंशन सेंटर में सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक आयोजित होगा। आयोजन एआईसीए काजू कन्वेंशन-2026 के साथ किया जा रहा है।

आयोजकों के अनुसार महोत्सव का उद्देश्य काजू के स्वाद, उसके विविध उपयोग और पोषण संबंधी विशेषताओं को नए अंदाज में लोगों के सामने प्रस्तुत करना है। कार्यक्रम में 13 प्रसिद्ध शेफ काजू से तैयार की गई विशेष रेसिपियों का प्रदर्शन करेंगे। वहीं इनोवेशन जोन में काजू से जुड़े नए उत्पाद और नवाचार प्रदर्शित किए जाएंगे, जबकि एक्सपीरियंस जोन में काजू की खेती, प्रसंस्करण, पोषण मूल्य और स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी जाएगी।

महोत्सव में आगंतुकों के लिए स्पिन द व्हील, गेस द काजू वेट, रिंग द काजू चैलेंज, इंटरैक्टिव गेम्स और आकर्षक पुरस्कार जैसी मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। पूरे दिन पारंपरिक राजस्थानी स्वागत, लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां, ढोल-नगाड़ों की गूंज और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजन की रौनक बढ़ाएंगे।

खानपान के शौकीनों के लिए महोत्सव में प्रीमियम काजू के साथ काजू आइसक्रीम, कुकीज, शीरा, मफिन, काजू कतली तथा काजू से बने कई नए और स्वादिष्ट उत्पादों का स्वाद लेने का अवसर मिलेगा। आयोजन के आधिकारिक कॉफी पार्टनर ‘कॉफी सूत्र’ और आइसक्रीम पार्टनर ‘मॉली मू’ होंगे।

आयोजकों के अनुसार, महोत्सव में 50 से अधिक फूड इन्फ्लुएंसर्स और ब्लॉगर्स, नामी शेफ, हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री के विशेषज्ञ, क्यूलिनरी स्टूडेंट्स, फूड उद्यमी, मीडिया प्रतिनिधि तथा देशभर से हजारों फूड प्रेमियों के शामिल होने की संभावना है। महोत्सव में प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क रहेगा। आयोजकों ने आमजन से इस आयोजन में भाग लेकर स्वाद, नवाचार और जानकारी से भरपूर इस विशेष आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here