जयपुर। आमजन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से जयपुर पुलिस आयुक्तालय की ओर से सामुदायिक पुलिसिंग अभियान चलाया जा रहा है। 59वें महानिदेशक/महानिरीक्षक पुलिस सम्मेलन-2024 की सिफारिशों के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत जयपुर दक्षिण जिले में पुलिस और आमजन के बीच संवाद बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देश पर चल रहे इस अभियान में पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज के नेतृत्व तथा विशेष पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश और अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर प्रदीप मोहन शर्मा के निर्देशन में 20 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज के अनुसार जयपुर दक्षिण जिले में अब तक 57 सीएलजी (कम्युनिटी लाइजन ग्रुप) एवं जनसहभागिता बैठकों का आयोजन किया जा चुका है। इनमें से 13 बैठकों की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त और पुलिस उपायुक्त दक्षिण द्वारा स्वयं की गई।
इस अभियान के तहत शुक्रवार को पुलिस थाना चाकसू में स्कूली विद्यार्थियों का थाने का भ्रमण करवाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को पुलिस की दैनिक कार्यप्रणाली, एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया, अनुशासन, जनसेवा और पुलिस की जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी गई।
महेश नगर थाने में स्थानीय एनजीओ प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों के साथ विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस की कार्यप्रणाली, जनसुनवाई व्यवस्था, प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया, आपातकालीन सहायता और नागरिक सुरक्षा से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।
इस दौरान लोगों को साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने और साइबर सुरक्षा उपायों की जानकारी भी दी गई। जयपुर दक्षिण जिले के विभिन्न थानों में सीएलजी बैठकें आयोजित कर स्थानीय समस्याओं और जनसुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
डीसीपी कार्यालय स्तर पर आयोजित बैठक में सीएलजी और युवा सीएलजी सदस्यों को उनकी जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी गई तथा स्थानीय समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए गए।
अशोक नगर थाना क्षेत्र में एसीपी अशोक नगर, थानाधिकारी अशोक नगर, विधायकपुरी और ज्योति नगर थाना अधिकारियों की मौजूदगी में बैठक आयोजित की गई। चाकसू थाना क्षेत्र में एसीपी चाकसू और चाकसू, शिवदासपुरा एवं कोटखावदा थानाधिकारियों की मौजूदगी में जनसंवाद किया गया। मानसरोवर और शिप्रापथ थाना क्षेत्रों में आयोजित बैठकों में नशामुक्ति के लिए चलाए जा रहे ‘मिशन जनजाग्रति’ अभियान की जानकारी दी गई।
901 युवाओं को बनाया युवा सीएलजी सदस्य
पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के तहत युवाओं को पुलिस सहयोग और स्थानीय समस्याओं के समाधान से जोड़ने के लिए युवा सीएलजी का गठन किया जा रहा है। जयपुर दक्षिण जिले में अब तक 901 युवाओं को युवा सीएलजी सदस्य बनाया जा चुका है।



















