वैशाखी पूर्णिमा पर जलयात्रा का शुभारंभ

0
37
Commencement of the Water Journey on Vaishakhi Purnima
Commencement of the Water Journey on Vaishakhi Purnima

जयपुर। श्री गोविंद देवजी मंदिर में वैशाखी पूर्णिमा पर शुक्रवार को जलयात्रा महोत्सव का शुभारंभ हुआ। पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने जलयात्रा झांकी के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। ठाकुर जी और राधा रानी को सुगंधित जल से भीगते दृश्य को श्रद्धालुओं ने मोबाइल में कैद किया।

मंदिर महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में ठाकुर श्रीजी को चांदी की कमलाकार होदी में विराजमान किया गया। 10 फव्वारों एवं अतिरिक्त शीतल जल की व्यवस्था के बीच ठाकुर जी को पंद्रह मिनिट तक जलविहार कराया गया। सफेद धोती-दुपट्टा एवं पुष्पों के मुकुट-अलंकारों से सुसज्जित ठाकुर श्रीजी के साथ राधारानी जी की स्वर्ण पिचकारी से जल क्रीड़ा की झांकी ने भक्तों को आनंदित कर दिया।

मंदिर परिसर केवड़ा और गुलाब जल मिश्रित शीतल जल से सुवासित हो उठा। जलयात्रा के बाद ठाकुरजी को ऋतु फल, पूड़ी-सिकरन सहित पारंपरिक व्यंजनों का रसाल भोग अर्पित किया गया।

आचार्य श्रील रूप गोस्वामी ने की थी शुरुआत

जलयात्रा महोत्सव ज्येष्ठ मास की एकादशी, पूर्णिमा एवं अमावस्या सहित विभिन्न तिथियों पर आयोजित किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु जलयात्रा झांकी के दर्शन कर सकेंगे। तेज गर्मी को देखते हुए जलयात्रा झांकी का समय परिवर्तित किया गया है। झांकी प्रात: 11:15 से 11:45 बजे तक होगी, जबकि पूर्व में इसका समय दोपहर 12:30 से 12:45 बजे था।

अन्य झांकियों के समय यथावत रहेंगे। गोविंद देवजी मंदिर के सेवाधिकारी मानस गोस्वामी ने बताया कि गौड़ीय संप्रदाय की परंपरा के अनुसार आचार्य श्रील रूप गोस्वामी ने ज्येष्ठ मास की भीषण गर्मी में ठाकुर श्रीजी को शीतलता प्रदान करने के उद्देश्य से इस उत्सव की शुरुआत की थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here