
जयपुर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को पूर्ण निष्पक्षता, निर्भीकता और स्वतंत्रता के साथ संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी (म्यूनिसिपल) संदेश नायक की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सभी वार्डों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और संबंधित पुलिस अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में चुनाव व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और संवेदनशील मतदान केंद्रों की सुरक्षा को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार जयपुर जिले की एक नगर निगम, दो नगर परिषद और 19 नगरीय निकायों के कुल 690 वार्डों में होने वाले चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना सभी अधिकारियों का नैतिक दायित्व है।
नायक ने बताया कि चुनाव के लिए 27 अगस्त को लोकसूचना जारी की जाएगी। नामांकन पत्र 27, 29 और 31 अगस्त को संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा कराए जाएंगे। जिले में मतदान दो चरणों में होगा। पहले चरण में नगर पालिकाओं और नगर परिषदों में 9 सितंबर, बुधवार को तथा दूसरे चरण में नगर निगम के सभी वार्ड पार्षदों के लिए 11 सितंबर, शुक्रवार को मतदान होगा। दोनों चरणों में मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक कराया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और उनके समकक्ष पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने मतदान केंद्रों का मौके पर निरीक्षण करने और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी लेने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील और क्रिटिकल मतदान केंद्रों की पहचान कर वहां पर्याप्त सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने चुनाव के दौरान असामाजिक तत्वों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए, ताकि मतदाता निर्भीक होकर मतदान कर सकें। चुनाव के दौरान मादक पदार्थों और अवैध हथियारों के परिवहन पर रोक लगाने के लिए क्षेत्रीय परिवहन, पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारियों को संयुक्त रूप से चेकपोस्ट लगाने के निर्देश दिए गए। इन चेकपोस्ट पर वाहनों की नियमित जांच की जाएगी।
इसके अलावा जिला निर्वाचन अधिकारी ने अनुज्ञापत्रधारी शस्त्रों को संबंधित थानों में शीघ्र जमा कराने की कार्रवाई पूरी करने के निर्देश पुलिस अधिकारियों को दिए। कानून-व्यवस्था की स्थिति पर निगरानी रखने के लिए साप्ताहिक रिपोर्ट नियमित रूप से जिला निर्वाचन कार्यालय को भेजने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण हनुमान प्रसाद मीणा, पुलिस उपायुक्त पश्चिम प्रशांत किरण, उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज मीणा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर जयपुर पूर्व नरेंद्र कुमार वर्मा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर चतुर्थ आशीष कुमार, अतिरिक्त जिला कलेक्टर जयपुर दक्षिण युगांतर शर्मा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


















