दर्ज मामले में जल्द कार्रवाई के नाम पर कांस्टेबल छह हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

0
77
Constable arrested while accepting a bribe of ₹6,000.
Constable arrested while accepting a bribe of ₹6,000.

जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने भीलवाड़ा जिले के कोतवाली थाना में तैनात कांस्टेबल रज्जाक मोहम्मद को छह हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपित कांस्टेबल परिवादी के खिलाफ दर्ज प्रकरण में शीघ्र कार्रवाई करने के नाम पर रिश्वत मांग रहा था। एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।

एसीबी डीजी गोविंद गुप्ता के अनुसार परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसके खिलाफ कोतवाली थाने में दर्ज एफआईआर की जांच एएसआई मदनलाल जांगिड़ कर रहे हैं। जबकि पत्रावली का कार्य कांस्टेबल रज्जाक मोहम्मद देख रहा था। शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने 27 जून को कारोई पहुंचकर फाइल में जल्द कार्रवाई कराने के लिए कोड वर्ड में 20 हजार रुपए की रिश्वत मांगी।

बाद में बातचीत के बाद वह 15 हजार रुपए लेने पर राजी हो गया और 5 हजार रुपए पहले ही ले चुका था। इसके बाद वह शेष 10 हजार रुपए की मांग कर रहा था। परिवादी की शिकायत पर एसीबी भीलवाड़ा-प्रथम ने 29 जून को रिश्वत मांग का सत्यापन कराया, जिसमें आरोपी द्वारा 15 हजार रुपए रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।

इसके बाद एसीबी भीलवाड़ा-प्रथम के उप अधीक्षक पारसमल के नेतृत्व में मंगलवार को ट्रैप कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई के दौरान आरोपी कांस्टेबल ने अपनी मांग के अनुसार परिवादी से 6 हजार रुपए रिश्वत के रूप में लेकर अपनी मोटरसाइकिल की टंकी पर लगे कपड़े के छोटे बैग में रखवा दिए। इसी दौरान ट्रैप दल ने आरोपी को दबोच लिया और बैग से रिश्वत की राशि बरामद कर ली। एसीबी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here