जयपुर। राजधानी के सांगानेर थाना इलाके में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में जयपुर पुलिस लाइन में तैनात कांस्टेबल की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब कांस्टेबल नाकाबंदी ड्यूटी पूरी कर बाइक से घर लौट रहा था।
सांगानेर थाना प्रभारी लिखमाराम ने बताया कि हादसा सुबह करीब 6 बजे कृषि अनुसंधान केंद्र के पास हुआ। जहां भरतपुर निवासी कांस्टेबल लोकेंद्र (42) जयपुर पुलिस लाइन में तैनात था और सुभाष चौक थाना क्षेत्र में नाकाबंदी ड्यूटी कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर और बिजली के पोल से टकरा गई।
इस हादसे में कांस्टेबल लोकेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार रोहित उर्फ राहुल गुप्ता (31) भी घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और दुर्घटना थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा दोनों घायलों को एसएमएस अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उपचार के दौरान कांस्टेबल लोकेंद्र ने दम तोड़ दिया, जबकि घायल युवक का उपचार जारी है।
पुलिस ने मृतक कांस्टेबल का शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

















