यातायात नियम तोड़ने वालों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने 50 हजार से अधिक वाहनों पर की कार्रवाई

0
42

जयपुर। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जयपुर यातायात पुलिस ने चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मोटर वाहन अधिनियम के उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। अभियान के दौरान बिना हेलमेट, ओवरस्पीडिंग, राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गों पर अवैध पार्किंग तथा एनएच-48 (6 लेन एक्सप्रेसवे) पर लेन अनुशासन का उल्लंघन करने वाले 52,368 वाहनों के चालान किए गए।

पुलिस उपायुक्त (यातायात) योगेश गोयल ने बताया कि अभियान में 11,682 बिना हेलमेट, 19,744 ओवरस्पीड, 15,880 अवैध पार्किंग तथा 5,062 लेन अनुशासन उल्लंघन के मामलों में कार्रवाई की गई। इसके अलावा अभियान के दौरान 66 बसों सहित 178 अन्य वाहनों को जब्त किया गया।

उन्होंने बताया कि 8 से 14 जुलाई के बीच बार-बार नियम तोड़ने और लंबित चालान वाले 244 वाहनों को भी जब्त किया गया। इनमें 74 बस-ट्रक, 24 कार-जीप-एसयूवी, 8 ऑटो/ई-रिक्शा और 137 अन्य वाहन शामिल हैं। ऐसे वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन पंजीकरण निलंबन की अनुशंसा भी संबंधित जिला परिवहन अधिकारी को भेजी जाएगी।

यातायात पुलिस ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे अपने लंबित ई-चालानों का समय पर निस्तारण करें। इसके लिए परिवहन विभाग के ई-चालान पोर्टल अथवा वर्चुअल कोर्ट के माध्यम से चालान का भुगतान किया जा सकता है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here