बारह लाख की नकबजनी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार

0
50
Cunning Thief Behind ₹12 Lakh Burglary Arrested
Cunning Thief Behind ₹12 Lakh Burglary Arrested

जयपुर। कोतवाली थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब दस माह पूर्व गणगौरी बाजार क्षेत्र में हुई 12 लाख रुपए की नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर और आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से 4 लाख रुपए नकद तथा वारदात में प्रयुक्त सरिया, पेचकस सहित अन्य उपकरण बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ जयपुर और दौसा में चोरी एवं नकबजनी के 16 से अधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी राकेश चौहान (40) निवासी सिकंदरा (दौसा) तथा करधनी (जयपुर) है। पूछताछ में सामने आया कि वह करीब छह माह पहले जेल से जमानत पर छूटकर बाहर आया था और फिर से चोरी की वारदातों में सक्रिय हो गया। चोरी की रकम वह महंगे होटलों में ठहरने, शराब और मौज-मस्ती में खर्च कर देता था।

पुलिस के अनुसार आरोपी रात में चोरी की स्कूटी पर सवार होकर बाजारों में पहुंचता था और सरिया व पेचकस की मदद से दुकानों के ताले तोड़कर अंदर घुसता था। वारदात के बाद वह स्कूटी को लावारिस छोड़ देता और दूसरी चोरी की स्कूटी का इस्तेमाल करता था। पूछताछ में आरोपी ने रामगंज, कोतवाली, संजय सर्किल, शास्त्रीनगर और माणक चौक थाना क्षेत्रों में दर्जनों चोरी और नकबजनी की वारदातें करना स्वीकार किया है।

उसके खिलाफ वर्ष 2012 से 2025 तक नाहरगढ़, मुरलीपुरा, झोटवाड़ा, करधनी, शिप्रापथ, चित्रकूट, विधायकपुरी, बजाज नगर, सांगानेर, लालसोट सहित विभिन्न थानों में 16 से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों और चोरी के माल की बरामदगी के संबंध में पूछताछ कर रही है।

कोतवाली थानाधिकारी राजेश गौतम के नेतृत्व में टीम रात्रि गश्त कर रही थी। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की गई। राजस्थान पुलिस के राजकॉप एप पर उसकी फोटो स्कैन करने पर उसका आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया।

कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने अगस्त 2025 में चीनी की बुर्ज, छोटी चौपड़ स्थित एक दुकान का ताला तोड़कर 12 लाख रुपए नकद और पांच पीपे तेल चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने वारदात के समय की सीसीटीवी फुटेज से आरोपी के हुलिए का मिलान किया। जो पूरी तरह मेल खाने पर उसे गिरफ्तार किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here