डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने ली अपराध समीक्षा बैठक:अपराधियों की संपत्ति जब्त करने और सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता के दिए निर्देश

0
45

जयपुर/जोधपुर। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने शनिवार को जोधपुर रेंज कार्यालय में रेंज स्तरीय अपराध समीक्षा तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक ली। इस बैठक में जोधपुर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस सत्येन्द्र सिंह सहित जोधपुर ग्रामीण, फलोदी, बालोतरा, पाली, बाड़मेर, जैसलमेर, सिरोही और जालौर जिलों के पुलिस अधीक्षक व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहे। बैठक में रेंज की भौगोलिक स्थिति और वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य पर व्यापक चर्चा की गई।

पुलिस महानिदेशक शर्मा ने रेंज में हुए हालिया अपराधों की गहन समीक्षा की और कानून व्यवस्था को बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संगठित अपराधियों के विरुद्ध अधिक से अधिक सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से ड्रग माफिया और मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त अपराधियों के पूरे नेटवर्क का खुलासा करने, उनके मुखियाओं के विरुद्ध प्रभावी विधिक कार्यवाही करने तथा तस्करी की काली कमाई से अर्जित उनकी संपत्तियों को जब्त करवाने जैसी कठोर कार्यवाही अमल में लाने के लिए जिला कप्तानों को पाबंद किया।

बैठक के दौरान कानून व्यवस्था के साथ-साथ सामाजिक सुरक्षा पर भी विशेष मंथन हुआ। डीजीपी ने महिला सुरक्षा की दिशा में प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने महिलाओं, बालकों एवं कमजोर वर्ग के खिलाफ होने वाले अपराधों में पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्यवाही करने और पुलिस मुख्यालय स्तर से वर्तमान में चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों का क्रियान्वयन सजगता से करने पर विशेष बल दिया।

जोधपुर रेंज के कई जिलों की सीमाएं अंतर्राष्ट्रीय बॉर्डर से सटी होने के कारण महानिदेशक ने सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूरी सतर्कता बरतते हुए सीमावर्ती इलाकों में पुलिस की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ किया जाए। इन क्षेत्रों मे कम्युनिटी पुलिसिंग को बढ़ावा देकर अपराधियों, अवैध गतिविधियों और अवैध घुसपैठ पर पूर्ण रूप से रोक लगाई जाए।

बैठक के समापन पर डीजीपी शर्मा ने सभी अधिकारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि देश में लागू हुए नवीन आपराधिक कानूनों में पुलिस को कई विशेष और प्रभावी प्रावधान दिए गए हैं। अधिकारी इन नए कानूनी प्रावधानों का कड़ाई और बुद्धिमत्ता से प्रयोग करें, ताकि राजस्थान पुलिस का मूल ध्येय वाक्य आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय धरातल पर पूरी तरह सार्थक हो सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here