जयपुर। फिल्म पेड्डी को लेकर सामने आई दर्शकों की प्रतिक्रियाओं के बाद निर्देशक बुची बाबू सना ने फिल्म के कुछ दृश्यों में बदलाव करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि दर्शकों की भावनाओं और चिंताओं का सम्मान करते हुए आपत्तिजनक माने जा रहे हिस्सों की समीक्षा की गई है और उनमें आवश्यक परिवर्तन किए जाएंगे।
बुची बाबू सना ने जारी बयान में कहा कि एक फिल्म निर्माता के रूप में उनका मानना है कि सिनेमा का उद्देश्य मनोरंजन करना, प्रेरित करना और लोगों से जुड़ाव स्थापित करना है। किसी व्यक्ति या समुदाय को असहज महसूस कराना अथवा उसका अपमान करना कभी भी उनका उद्देश्य नहीं रहा है।
उन्होंने कहा कि फिल्म के कुछ दृश्यों को लेकर मिली प्रतिक्रियाओं को गंभीरता से लिया गया है। उनका इरादा कभी भी किसी महिला किरदार को गलत तरीके से प्रस्तुत करने या महिलाओं का अपमान करने का नहीं था। इसके बावजूद यदि फिल्म का कोई हिस्सा दर्शकों को ऐसा महसूस कराता है तो वह इसके लिए दिल से माफी मांगते हैं।
निर्देशक ने कहा कि दर्शकों की प्रतिक्रियाओं की समीक्षा के बाद फिल्म के उन हिस्सों में बदलाव करने का निर्णय लिया गया है, जिन पर आपत्ति जताई गई थी। उन्होंने कहा कि सिनेमा और दर्शकों का रिश्ता बेहद खास होता है और एक कहानीकार के तौर पर उनकी जिम्मेदारी है कि वे समय के साथ बदलती सामाजिक सोच और संवेदनशीलताओं का सम्मान करें।
बुची बाबू सना ने कहा कि हर महिला सम्मान, गरिमा और सही प्रतिनिधित्व की हकदार है। उनकी टीम आगे भी ऐसी कहानियां प्रस्तुत करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी, जो मजबूत और सकारात्मक किरदारों को सामने लाएं तथा समाज के मूल्यों का सम्मान करें।
उन्होंने अपनी राय और सुझाव ईमानदारी से साझा करने वाले सभी दर्शकों का आभार भी व्यक्त किया।



















