जयपुर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के उद्देश्य से राजस्थान पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘महिला सुरक्षा संकल्प अभियान’ के तहत प्रदेशभर में व्यापक जन जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में 1 से 29 जुलाई तक चल रहे इस अभियान में अब तक करीब 1.5 लाख महिलाओं और बालिकाओं से सीधा संवाद किया गया है, जबकि उत्कृष्ट कार्य करने वाली 1,588 महिला वॉलंटियर्स को सम्मानित किया गया।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार अभियान के राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता मीना और नविता खोखर हैं। अभियान के तहत जेंडर सेंसिटाइजेशन, आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्राप्त छात्राओं से संवाद, सुरक्षा सखी, राजीविका, आंगनबाड़ी, आशा सहयोगिनी, एनसीसी और एनएसएस से जुड़ी महिला स्वयंसेवकों के साथ बैठकें आयोजित की गईं।
इसके अलावा स्लम क्षेत्रों, ईंट-भट्टों, निर्माण स्थलों और कच्ची बस्तियों में महिला श्रमिकों को गुड टच-बैड टच, सुरक्षा उपायों और वन स्टॉप क्राइसिस सेंटर की जानकारी दी जा रही है। वहीं ‘सीनियर्स नॉट अलोन’ योजना के तहत अकेले रहने वाली बुजुर्ग महिलाओं और दंपतियों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
अभियान के तहत कालिका पेट्रोलिंग यूनिट और एंटी रोमियो स्क्वाड स्कूलों, कॉलेजों, मॉल, पार्क, पर्यटक स्थलों और सिटी बसों में सादा वेश में निगरानी कर मनचलों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं। 22 जुलाई को सभी जिलों में महिला सुरक्षा को लेकर विभिन्न विभागों के साथ संयुक्त बैठक होगी, जबकि 29 जुलाई को प्रदेशभर में पैदल मार्च और जागरूकता रैलियां आयोजित की जाएंगी।
राजस्थान पुलिस ने आपात स्थिति में महिला गरिमा हेल्पलाइन 1090, पुलिस 112, महिला हेल्पलाइन 181, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा राजकॉप सिटिजन ऐप के उपयोग की अपील की है।



















