जयपुर। दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान (डीजेजेएस) के मंथन प्रकल्प के अंतर्गत जयपुर स्थित सोडाला आश्रम में समर कैंप के दौरान डिस्ट्रीब्यूशन ड्राइव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उन अभिभावकों को सम्मानित किया गया जिन्होंने अपने बच्चों को संस्कारयुक्त एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर उनके सर्वांगीण विकास में योगदान दिया।
कार्यक्रम में अभिभावकों को स्मृति-चिह्न एवं उपयोगी सामग्री प्रदान कर सम्मानित किया गया। वर्तमान में चल रहे समर कैंप में बच्चों को कला, संस्कृति, नैतिक शिक्षा एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़ी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे उनके आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को निखारा जा रहा है।
साध्वी लोकशा भारती ने बताया कि मंथन प्रकल्प का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना है, जिसमें उन्हें शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्य और जीवन मूल्यों से जोड़ा जाता है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने भजनों पर नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक और बच्चे उपस्थित रहे।



















