जयपुर। जिले में डेंगू एवं अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए जिला कलेक्टर संदेश नायक ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में कूलर की सफाई कर स्वच्छता और मच्छर जनित रोगों की रोकथाम का संदेश दिया। इस दौरान सीएमएचओ जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत भी मौजूद रहे।
जिला कलक्टर ने कहा कि डेंगू से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करना है। इसके लिए प्रत्येक शुक्रवार को सभी सरकारी एवं निजी कार्यालयों में सोर्स रिडक्शन एक्टिविटी आयोजित कर कूलर, पानी की टंकियों, गमलों, कबाड़ तथा अन्य जलभराव वाले स्थानों की नियमित सफाई और जांच की जाए।
उन्होंने आमजन से प्रत्येक रविवार को ‘ड्राई डे’ के रूप में मनाने की अपील करते हुए कहा कि घरों के कूलर खाली कर साफ करें, पानी के बर्तनों को धोकर सुखाएं तथा कहीं भी पानी जमा न होने दें, ताकि एडीज मच्छर के प्रजनन को रोका जा सके।
जिला कलक्टर ने कहा कि मौसमी बीमारियों की रोकथाम में जनभागीदारी बेहद जरूरी है। यदि प्रत्येक नागरिक सप्ताह में केवल 10 मिनट अपने घर और आसपास की सफाई पर ध्यान दे, तो डेंगू जैसी गंभीर बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने सभी विभागों, संस्थानों और आमजन से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।



















