जयपुर। शिप्रापथ थाना पुलिस ने दुपहिया वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर चोरी का दुपहिया वाहन (बाइक) बरामद की है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी नशे का आदी है और नशे की जरूरतें पूरी करने के लिए दुपहिया वाहनों की चोरी करता था। फिलहाल आराेपित से पूछताछ जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि शिप्रापथ थाना पुलिस ने दुपहिया वाहन चुराने वाले एक शातिर वाहन चोर आशु महावर (18) निवासी अहता किला पिनाहट (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की गई बाइक बरामद की गई है।
वर्तमान में आरोपित भांकरोटा थाना क्षेत्र में खानाबदोश की तरह रह रहा था और पहचान छिपाकर विभिन्न स्थानों पर घूमता था। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी नशे का आदी है और नशे के लिए पैसों का इंतजाम करने हेतु बाइक और स्कूटी चोरी करता था।
पुलिस को आशंका है कि आरोपी शहर में हुई अन्य वाहन चोरी की घटनाओं में भी शामिल हो सकता है। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और उसके संभावित साथियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल राजेश कुमार, कांस्टेबल छोटूराम और कांस्टेबल मंगलज की विशेष भूमिका रही।



















