विश्व हाथी दिवस पर हाथियों ने काटा केक: फ्रूट पार्टी में सजी हाथी गांव की महफिल

0
35

जयपुर। विश्व हाथी दिवस के अवसर पर आमेर स्थित जयपुर के विश्व प्रसिद्ध हाथी गांव में हाथियों के संरक्षण और संवर्धन को लेकर अनूठा आयोजन हुआ। सजे-धजे हाथियों ने रैंप वॉक कर पर्यटकों का मन मोहा। इसके बाद हाथियों ने केक काटकर विश्व हाथी दिवस मनाया और उनके लिए विशेष फ्रूट पार्टी का आयोजन किया गया। कतारबद्ध होकर हाथियों ने केले, सेब, तरबूज, गन्ना, गुड़, पपीता और हरे चारे समेत विभिन्न खाद्य सामग्री का स्वाद लिया।

हाथी गांव विकास समिति के अध्यक्ष बल्लू खान ने बताया कि हाथियों को पारंपरिक आभूषणों और आकर्षक पोशाकों से सजाया गया। सजे-धजे हाथियों का रैंप वॉक कार्यक्रम पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। देशी-विदेशी पर्यटकों ने हाथियों के इस अनोखे अंदाज को कैमरों में कैद किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान हाथी गांव में उत्साह और रोमांच का माहौल रहा।

कार्यक्रम में सूरीनाम की राजदूत हनीशा जयराम भी मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा सुना था कि हाथी बहुत ज्ञानी होते हैं, लेकिन यहां आकर उन्हें इसे देखने का अवसर मिला। हाथियों का केक काटना और फ्रूट पार्टी उनके लिए बेहद अनूठा अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि यहां जो देखा, उसके बारे में वह अपने देश में भी लोगों को बताएंगी।

हाथी गांव विकास समिति के अध्यक्ष बल्लू खान के अनुसार, हाथियों को प्राकृतिक और प्रदूषण मुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वर्ष 2010 में आमेर के कुंडा क्षेत्र में हाथी गांव बसाया गया था। करीब 100 एकड़ में फैले इस गांव में वर्तमान में लगभग 75 हाथी हैं। इनमें एकमात्र नर हाथी का नाम बाबू है।

हाथियों के लिए यहां रहने के थान, अस्पताल और दो तालाब बनाए गए हैं। वन विभाग की ओर से बड़ी संख्या में पेड़-पौधे भी लगाए गए हैं, ताकि हाथियों को प्राकृतिक वातावरण मिल सके। तालाबों में हाथी नहाने और अठखेलियां करते हैं।

आमेर महल की हाथी सवारी के साथ हाथी गांव भी देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र है। सुबह आमेर महल में हाथी सवारी और दिन में हाथी गांव में हाथियों की गतिविधियां पर्यटकों को रोमांचित करती हैं। विश्व हाथी दिवस का आयोजन इसी संरक्षण, पशु प्रेम और संवेदना के संदेश को आगे बढ़ाने का माध्यम बना।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here