25 दिन बाद भी आज तक भाजपा मंत्रिमंडल का गठन नहीं: डोटासरा

0
442

जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि चुनाव जीतने के 25 दिन बाद भी आज तक भाजपा मंत्रिमंडल का गठन नहीं कर सकी है। मुख्यमंत्री कार्यालय में अधिकारी नहीं लगाये गये। सभी प्रशासनिक अधिकारी निर्देशों के इंतजार में हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं, प्रशासनिक अधिकारी जनता के काम करने की बजाए अच्छा पद पाने के लिये लाईजनिंग कर रहे हैं।

नेताओं के चक्कर काट रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थिति में सरकार कौन चलाएगा यह समझ से परे है तथा राजस्थान की जनता स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल क्यों नहीं बन रहा है, किसने अंगद का पैर लगाकर इसे रोका हुआ है, यह समझ से परे है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जल्द मंत्रिमंडल गठित करने की कह रहे हैं किन्तु वह जल्द कितना समय होगा यह कोई नहीं समझ पा रहा है। इसे शीघ्र मुख्यमंत्री को बताना चाहिये।

उन्होंने कहा कि सरकार को तुरंत बढ़ते हुये अपराधों पर अंकुश लगाना चाहिये। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने 100 दिन की कार्य योजना बनाने की घोषणा की थी किन्तु इतनी अवधि बीत जाने के बाद भी किसी विभाग की कार्य योजना नहीं बनी है जबकि कार्य योजना बनते-बनते 100 दिन निकल जायेंगे, ऐसी सम्भावना है। उन्होंने कहा कि लोग तो यह भी चर्चा कर रहे हैं कि मंत्रिमंडल बनते-बनते तथा विभागों का बंटवारा होते-होते ही 100 दिन निकल जायेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा अध्यक्ष ने नया प्रयोग मुख्यमंत्री बनाने में किया है तो लोगों में यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि बिना मंत्रिमंडल के सरकार चलाने का नया प्रयोग तो नहीं होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here