पिता की मौत के पांच दिन बाद छात्रा ने किराए के कमरे में फंदा लगाया

0
39

जयपुर। मोती डूंगरी थाना इलाके में किराए के कमरे में रह रही 24 वर्षीय बीएड छात्रा ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका बाड़मेर की रहने वाली थी और पिता के निधन के बाद महज पांच दिन पहले ही बीएड की परीक्षा देने जयपुर लौटी थी। परिजनों ने एक युवक पर छात्रा को मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाते हुए आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी मोहन सिंह के अनुसार, छात्रा के पिता का 1 अगस्त को निधन हुआ था। 3 अगस्त को बाड़मेर में तीये की बैठक के बाद वह बीएड परीक्षाओं में शामिल होने जयपुर लौटी थी। उसकी परीक्षाएं 14 अगस्त तक प्रस्तावित थीं। शनिवार को परीक्षा देने के बाद वह अपने किराए के कमरे पर लौट आई थी।

मकान मालिक के अनुसार, छात्रा शनिवार को पड़ोस में रहने वाली सहेलियों से भी मिली थी। रविवार सुबह से देर रात तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर अनहोनी की आशंका हुई। सूचना पर मोती डूंगरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। छात्रा का शव पंखे से फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव को उतरवाकर अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।

परिजनों ने जयपुर पहुंचकर एक युवक के खिलाफ नामजद शिकायत दी है। आरोप है कि युवक लंबे समय से छात्रा को मानसिक रूप से परेशान कर रहा था और उसकी प्रताड़ना व दबाव के चलते उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर आरोपी युवक की भूमिका की जांच शुरू कर दी है। छात्रा के मोबाइल की कॉल डिटेल और वॉट्सऐप चैट भी खंगाली जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here