जयपुर। दौलतपुरा थाना पुलिस ने अवैध वसूली गैंग के नेटवर्क का खुलासा करते हुए उच्च सुरक्षा कारागृह, अजमेर में तैनात जेल प्रहरी धारा सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गैंग द्वारा वसूली गई रकम का एक हिस्सा जेल में बंद गैंग के सदस्यों तक पहुंचाने और उनके खर्च के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। मामले में करीब 1.50 लाख रुपए की वसूली का खुलासा हुआ है।
डीसीपी जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि एडीसीपी राजेश गुप्ता और एसीपी चौमूं अंजू यादव के निर्देशन तथा थाना प्रभारी महेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई की। 6 अगस्त को सर्विस रोड पर नाकाबंदी के दौरान कार की तलाशी में चालक संदीप सिंह निवासी चूंदड़ा, थाना बाबई, झुंझुनूं के कब्जे से दो जिंदा कारतूस और एक चाकू बरामद हुआ। उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की गई।
पूछताछ में संदीप ने पुलिस को बताया कि उसे अवैध वसूली के जरिए करीब 1.50 लाख रुपए मिले थे, जिनमें से 20 हजार रुपए सोहन सिंह को दिए थे। सोहन सिंह से पूछताछ में उसने यह रकम जेल प्रहरी धारा सिंह के कहने पर लेने की बात बताई। पुलिस के अनुसार धारा सिंह वर्तमान में उच्च सुरक्षा कारागृह अजमेर में तैनात था। पूछताछ में रकम गैंग के सदस्यों के खर्च और जेल में बंद साथियों तक पहुंचाने की बात सामने आई।
पुलिस ने धारा सिंह को गिरफ्तार कर अब गैंग के पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है। वसूली की रकम किन लोगों तक पहुंचती थी और जेल में बंद आरोपियों की इसमें क्या भूमिका थी, इसकी पड़ताल की जा रही है। पुलिस को मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका सामने आने और और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
चोरी की बोलेरो नाकाबंदी में पकड़ी
कालवाड़ थाना पुलिस ने पत्रकार कॉलोनी थाना क्षेत्र से चोरी हुई बोलेरो कार बरामद कर आरोपी रोहित जाट (28) निवासी आथूनी ढाणी, हाथोज को गिरफ्तार किया है। आरोपी पूर्व में संपत्ति संबंधी अपराधों में चालानशुदा बताया गया है। पुलिस अब उससे अन्य वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
डीसीपी जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि पीसीआर से सूचना मिली कि गणेश नगर स्थित दीप ब्लैक होटल के पास से सफेद रंग की बोलेरो चोरी हो गई है। नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की संदिग्ध बोलेरो को रोककर चालक से दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई कागजात नहीं दिखा सका।
पूछताछ में उसकी पहचान रोहित जाट के रूप में हुई। जांच में बोलेरो चोरी की होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने आरोपी गिरफ्तार कर चोरी की बोलेरो को धारा 207 एमवी एक्ट में जब्त किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।



















