आबकारी विभाग ने पकडी ट्रक से 60 लाख की अवैध अंग्रेजी शराब

0
43
Excise Department Seizes Illicit Foreign Liquor Worth ₹60 Lakh from a Truck
Excise Department Seizes Illicit Foreign Liquor Worth ₹60 Lakh from a Truck

जयपुर। प्रदेश में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोटा में एक ट्रक से करीब 60 लाख रुपए मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

अतिरिक्त आयुक्त कोटा जोन नरेश कुमार मालव ने बताया कि अवैध शराब के विरुद्ध लगातार गश्त, नाकाबंदी और दबिश अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर रविवार रात नेशनल हाईवे-52 स्थित नया टोल प्लाजा गोपालपुरा के पास नाकाबंदी की गई। इस दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई।

जांच में ट्रक में टाट की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई “फॉर सेल इन चंडीगढ़” अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। मौके से राजस्थानी व्हिस्की ब्रांड के 1360 कार्टन, जिनमें 65 हजार 280 पव्वे भरे हुए थे, जब्त किए गए। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपए आंकी गई है।

कार्रवाई में जिला आबकारी अधिकारी बारां देवेन्द्र गिरी, जिला आबकारी अधिकारी कोटा विवेक शर्मा तथा सहायक आबकारी अधिकारी नारायण सिंह तोमर के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। अभियान में आबकारी निरीक्षक चेतन, प्रदीप मीणा, पीओ प्रमोद सिंह, हंसराज मीणा और पृथ्वीराज सिंह मीणा सहित अन्य अधिकारी और जाप्ता शामिल रहा।

आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने प्रदेशभर में अवैध शराब की तस्करी, निर्माण और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अधिकारियों को जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिन जिलों में अवैध शराब के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है, वहां विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here