जयपुर। गलता गेट थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा महिला के कपड़े पहनकर सुसाइड करने का बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। मृतक युवक अपने कमरे में लाल रंग के लहंगे में फंदे से लटका हुआ पाया गया। इतना ही नहीं, घटनास्थल पर बिस्तर पर कांच की चूड़ियां भी बिखरी हुई मिलीं। इस अजीबोगरीब घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
गलता गेट थाना अधिकारी धर्म सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस को घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने मृतक की पहचान मुन्ना पुत्र मुनीर के रूप में हुई है, जो शादीशुदा था और तीन बच्चों का पिता था। थाना अधिकारी ने बताया कि “युवक ने आत्महत्या से पूर्व महिला के कपड़े क्यों पहने थे और ऐसी स्थिति में यह कदम क्यों उठाया, यह पूरी तरह से जांच का विषय है। पुलिस साइकोलॉजिकल, पारिवारिक और अन्य सभी संभावित एंगल्स से इस मामले की गहनता से जांच कर रही है।”
फिलहाल आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। गलता गेट थाना पुलिस मृतक के परिजनों, पड़ोसियों और करीबियों से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक किसी मानसिक तनाव या अवसाद में तो नहीं था और उसने किन परिस्थितियों में यह आत्मघाती कदम उठाया।
जयपुर में महिला बॉडी बिल्डर का नकाबपोश बदमाशों ने किया पीछा
राजधानी जयपुर के जवाहर नगर थाना इलाके में बुधवार देर रात एक महिला बॉडी बिल्डर का नकाबपोश बदमाशों ने पीछा किया। स्कॉर्पियो सवार पांच बदमाशों ने महिला की कार को रोकने का प्रयास किया। इसके बाद पीड़िता ने देर रात जवाहर नगर थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 36 वर्षीय महिला ने रिपोर्ट में बताया कि वह बुधवार रात बनी पार्क से अपने घर की ओर जा रही थी। इसी दौरान उसके घर के आसपास की एक ब्लैक स्कॉर्पियो में सवार पांच नकाबपोश युवक उसका पीछा करने लगे।
पीड़िता का आरोप है कि बदमाश लगातार उसकी कार के पीछे आते रहे और उसे रुकवाने की कोशिश की। जब उसने किसी कारण से कार रोकी तो बदमाशों ने स्कॉर्पियो से उसके आसपास 3-4 चक्कर लगाए। इसके बाद तेज गति से ओवरटेक कर वहां से फरार हो गए। महिला ने पुलिस को बताया कि बदमाश उसे नुकसान पहुंचाने के इरादे से आए थे। घटना के बाद उसने जवाहर नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस बदमाशों की पहचान करने के प्रयास में जुटी हुई है।



















