जयपुर। जयपुर शहर में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन एक्शन अगेंस्ट गन (आग) के तहत पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) टीम ने नाहरगढ़ और करधनी थाना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देसी पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपितों से पूछताछ करने में जुटी है।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) संजीव नैन ने बताया कि सीएसटी टीम द्वारा विकसित की गई सूचना के आधार पर की गई। पहली कार्रवाई नाहरगढ़ थाना क्षेत्र में की गई। जहां सीएसटी और नाहरगढ़ थाना पुलिस की टीम ने ब्रह्मपुरी रोड स्थित सैनी जूस सेंटर के पास संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली। इस दौरान आरोपी के पास से एक देसी पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पुलिस ने आरोपी संजय सैनी (42) निवासी ब्रह्मपुरी रोड नाहरगढ़ जयपुर को गिरफ्तार किया। वहीं दूसरी कार्रवाई करधनी थाना क्षेत्र में की गई। सीएसटी और करधनी थाना पुलिस ने कच्ची बस्ती यादवों की ढाणी से 7 नंबर बस स्टैंड जाने वाले रास्ते पर संदिग्ध युवक की घेराबंदी कर तलाशी ली। उसके पास से एक देसी पिस्तौल बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी विनय जायसवाल (25) निवासी करधनी जयपुर को गिरफ्तार किया। मामले में पुलिस आरोपियों से अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।



















