जयपुर। खोह नागोरियान थाना पुलिस ने अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अलग-अलग कार्रवाई करते हुए नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अवैध चाकू के साथ एक युवक को भी पकड़ा। इसके अलावा लंबे समय से फरार चल रहे तीन स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार कर उनके वारंट का निस्तारण किया गया।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा कि नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ अलग-अलग स्थानों पर दुष्कर्म करने के मामले में वांछित आरोपी सौरभ मीणा (23) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी मूल रूप से सलेमपुर खुर्द, भूसावर, भरतपुर का निवासी है और वर्तमान में सेक्टर-6, इंदिरा गांधी नगर, खोह नागोरियान में रह रहा था।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उन स्थानों की तस्दीक करवा रही है, जहां वह पीड़िता को लेकर गया था। गिरफ्तारी में कांस्टेबल उदय सिंह और दिवाकर की विशेष भूमिका रही।
दूसरी कार्रवाई में मुखबिर से मिली सूचना पर खानिया बंधा, खोह नागोरियान निवासी अकरम (36) को अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया। इस अनुसंधान के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। कार्रवाई में कांस्टेबल धीरज और बजरंग की विशेष भूमिका रही।
वांछित अपराधियों और स्थाई वारंटियों की तलाश में लगातार दबिश देकर पुलिस ने तीन स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार कर उनके वारंट का निस्तारण किया। इनमें मनीष शर्मा, निवासी शंकर विहार, गोनेर रोड; फकरुद्दीन, निवासी गांधी विहार, खोह नागोरियान और रईस खां, निवासी बाड़ली की ढाणी, खोह नागोरियान शामिल हैं।



















