होटल बार में नियमों की अनदेखी पड़ी भारी: सिंगर और मैनेजर गिरफ्तार

0
38

जयपुर। सिंधी कैंप थाना पुलिस ने होटल बारों में चल रही विशेष चेकिंग के दौरान नियमों की अवहेलना करने पर एक सिंगर और होटल मैनेजर को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि शहर में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा होटल, रेस्टोरेंट, बार, क्लब और पब में नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार गुप्ता एवं सहायक पुलिस आयुक्त सदर धर्मवीर सिंह के निर्देशन में सिंधी कैंप थाना प्रभारी माधोसिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र में स्थित एक होटल बार की जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाया। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर होटल में सिंगर के रूप में कार्यरत रवि जांगिड़ (27) निवासी प्रताप नगर और निर्माणा पैलेस होटल के मैनेजर बाबूलाल (37) निवासी हरमाड़ा को हिरासत में लेकर धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार होटल बार में निर्धारित नियमों की अनदेखी किए जाने पर यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार दोनों व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है तथा मामले की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और होटल-बार संचालन में नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए आगे भी सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here