पन्द्रह हजार की रिश्वत लेते वन अधिकारी व चालक गिरफ्तार

0
47
Forest officer and driver arrested while accepting a bribe of ₹15,000.
Forest officer and driver arrested while accepting a bribe of ₹15,000.

जयपुर । भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शनिवार को झालावाड़ में ट्रैप कार्रवाई करते हुए वन विभाग के क्षेत्रीय वन अधिकारी (गश्ती दल) और एक वाहन चालक को पन्द्रह हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। दोनों आरोपितों पर लकड़ी से भरे वाहनों को नहीं रोकने और पास कराने की एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। एसीबी ने बरामद रिश्वत की राशि वाहन चालक की पैंट से मिली है। फिलहाल एसीबी की टीम पूछताछ कर रही है।

एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने एसीबी में शिकायत दी कि वह टिम्बर ट्रेडिंग का व्यवसाय करता है और किसानों से पेड़ खरीदकर ठेकेदार के माध्यम से कटाई करवा कर लकड़ी विभिन्न जिलों में आरा मशीन संचालकों, श्मशान घाटों, कारपेंटरों तथा अन्य ग्राहकों तक भिजवाता है।

आरोप था कि लकड़ी से भरे वाहन जब भी झालावाड़ जिले से गुजरते हैं, वन विभाग की गश्ती टीम उन्हें रोककर वाहन चालकों से मारपीट करती है, अवैध वसूली करती है तथा चोरी के मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर मासिक बंधी की मांग करती है।

शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराने पर कार्यालय उप वन संरक्षक, झालावाड़ में कार्यरत आरोपित फिरोज खान (वाहन चालक) और विक्रम सिंह (क्षेत्रीय वन अधिकारी गश्ती दल रेंज झालावाड़) द्वारा लकड़ी के पांच वाहनों को पास कराने के बदले प्रति वाहन पांच हजार रुपये के हिसाब से कुल 25 हजार रुपये रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।

बाद में आरोपियों ने 15 हजार रुपये लेने पर सहमति जताई। सत्यापन के बाद शनिवार को एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई की। झालावाड़ चौकी की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रेरणा शेखावत के निर्देशन में टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को परिवादी से 15 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। रिश्वत की राशि वाहन चालक फिरोज खान की पहनी हुई पैंट से बरामद की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here