जयपुर। जामडोली थाना इलाके में आरएलडी के पूर्व प्रदेश महासचिव के खिलाफ नौकरी लगवाने का झांसा देकर तीन लाख रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
पुलिस ने बताया कि टोरड़ा दौसा निवासी मदनलाल बैरवा ने आरएलडी के पूर्व महासचिव राजपाल चौधरी के खिलाफ धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। आरोप है कि 3 अगस्त 2025 को जामडोली चौराहे पर राजपाल चौधरी ने तीन लाख रुपए नकद लिए और शेष राशि नौकरी लगने के बाद देने कि बात कहीं। आरोपी ने 8 लाख रुपए में नौकरी लगवाने की बात कही थी। जिसका पांच लाख रुपए में सौदा तय हुआ था।
भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी नौकरी नहीं लगी। तो पीड़ित ने आरोपी से पैसे वापस मांगे। लेकिन आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया। खुद के साथ धोखाधड़ी का एहसास होने पर पीड़ित ने थाने पहुंच मामले की जानकारी पुलिस को दी। लेकिन वहां उसे सफलता नहीं मिली। जिसके बाद पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली और इस्तगासे के आधार पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया।
बताया जा रहा है कि पूर्व प्रदेश महासचिव राजपाल आरएलडी का प्रदेश महासचिव रहे चुका है और उसके खिलाफ पार्टी स्तर पर कई बार झांसा देकर पैसे बैठने की शिकायतें आ चुकी है। इसी के साथ पार्टी पदाधिकारी कार्यकर्ताओं के साथ बदतमीजी करने के भी आरोप लगे है। इन आरोपों के बाद पार्टी ने फरवरी- 2026 को राजपाल को 6 महीने के लिए निष्कासित कर दिया।



















